जिला चिकित्सालय बेमेतरा में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का सफल आयोजन
94 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच, उच्च जोखिम लक्षणों की पहचान कर दी गई विशेष सुविधा

जिला चिकित्सालय बेमेतरा में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का सफल आयोजन
94 गर्भवती महिलाओं की हुई जांच, उच्च जोखिम लक्षणों की पहचान कर दी गई विशेष सुविधा

बेमेतरा, 24 अक्टूबर 2026। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगई के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े एवं सिविल सर्जन सह मुख्य अस्पताल अधीक्षक डॉ. लोकेश साहू के मार्गदर्शन में जिले की समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) का सफल आयोजन किया गया।

शासन के निर्देशानुसार प्रतिमाह 09 एवं 24 तारीख को PMSMA दिवस का आयोजन किया जाता है। इसी क्रम में शनिवार 24 अक्टूबर को जिला चिकित्सालय बेमेतरा सहित समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं चिन्हित उप स्वास्थ्य केंद्रों में यह अभियान आयोजित हुआ।

जिला चिकित्सालय बेमेतरा में विशेष सुविधाएं उपलब्ध रही – इस दौरान स्त्री रोग विशेषज्ञ, सोनोलॉजिस्ट, शिशु रोग विशेषज्ञ, चिकित्सा अधिकारी,परामर्शदाता, प्रशिक्षित नर्सिंग आफिसर आदि द्वारा सेवाएं दी गईं, साथ ही संपूर्ण रक्त जांच, वायरल मार्कर ,ब्लड प्रेशर,सोनोग्राफी एवं अन्य आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस अभियान का लाभ जिला चिकित्सालय में कुल 94 गर्भवती महिलाओं ने लिया।

यह भारत सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, जिसका मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं में उच्च जोखिम (HRP) वाले लक्षणों की समय पर पहचान कर विशेषज्ञ एवं प्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा गुणवत्तापूर्ण संपूर्ण प्रबंधन सुनिश्चित करना है। ताकि उच्च जोखिम श्रेणी की गर्भवती महिलाओं का समुचित प्रबंधन एवं सुनियोजित संदर्भन सुनिश्चित कर मातृ मृत्यु अनुपात को कम किया जा सके।
PMSMA दिवस के सुव्यवस्थित क्रियान्वयन हेतु सतत निरीक्षण के प्रमुख बिंदु –
1. शत-प्रतिशत उच्च जोखिम गर्भवती (HRP) महिलाओं की त्वरित पहचान एवं सोनोग्राफी सुविधा सुनिश्चित करना।
2. PMSMA फ्लो चार्ट अनुसार हितग्राही को दी जाने वाली स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी।
3. विशेषज्ञ (OBG) / निजी चिकित्सकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना।
4. गर्भवती महिलाओं को पोषण, संस्थागत प्रसव तथा खतरे के लक्षणों पर परामर्श प्रदान करना।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगई के साथ सीएमएचओ डॉ. शरद कोहाड़े एवं सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने सभी हितग्राहियों से अपील की है कि प्रत्येक माह 09 एवं 24 तारीख को आयोजित होने वाले PMSMA अभियान में अपने नजदीकी शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में पहुँचकर अनिवार्य रूप से स्वास्थ्य जांच कराएं और इस अभियान का लाभ उठाएं।



