CG – ग्राम पंचायत पौड़ी में भक्ति का संगम: नवधा रामायण का भव्य आयोजन, गूंज रहे जय श्री राम के जयकारे पढ़े पुरी ख़बर
सीपत//छत्तीसगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत रखते हुए सीपत के समीप ग्राम पंचायत पौड़ी में नवधा रामायण का आयोजन किया जा रहा है। पौड़ी ग्राम द्वारा आयोजित इस नौ दिवसीय अखंड नवधा रामायण महोत्सव में पूरा गांव राममय हो गया है। पंडाल से लेकर घर-घर तक “जय श्री राम” और रामचरित मानस की चौपाइयां गूंज रही हैं।
ग्राम पंचायत पौड़ी के इस आयोजन का पोस्टर ही आकर्षण का केंद्र बना हुआ है, जिसमें प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण जी के साथ श्रीराम मंदिर की झलक दिखाई दे रही है।
कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ…
गाँव के गण मान्य नागरिक मन्नू यादव बतातें हैँ कि इस अखंड नवधा रामायण का शुभारंभ 24 अक्टूबर को कलश यात्रा और घट स्थापना के साथ किया गया। गांव की महिला, पुरुष और युवाओं ने कलश यात्रा में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद विद्वान आचार्यों द्वारा बेदी पूजन कर अखंड पाठ शुरू किया गया।
नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में क्षेत्र की प्रसिद्ध मानस मंडलियों द्वारा प्रतिदिन रामचरित मानस का सस्वर पाठ और भजन-कीर्तन किया जा रहा है। भगवान राम के जन्म से लेकर सीता विवाह, वनवास, सीता हरण, लंका दहन, रावण वध और राम राज्याभिषेक तक के प्रसंगों का सजीव वर्णन किया जा रहा है।
ग्रामीणों में भारी उत्साह…
गाँव के प्रतिष्ठित ब्यक्ति मन्नू यादव आगे बतातें हैँ कि इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्राम पौड़ी सहित आसपास के ग्रामीणों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। शाम होते ही रामायण पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ती है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे धार्मिक आयोजन से गांव में सुख-समृद्धि, एकता और भाईचारा बना रहता है और नई पीढ़ी को हमारी सनातन संस्कृति से जोड़ने का अवसर मिलता है।
हवन और सहस्त्रधारा के साथ होगा समापन…
समिति के सदस्यों ने बताया कि नौ दिनों तक चलने वाले इस आयोजन का समापन हवन-पूजन, महाआरती और सहस्त्रधारा के साथ किया जाएगा। समापन दिवस पर भव्य भंडारे का भी आयोजन रखा गया है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।



