अन्य ख़बरें

धमतरी में गौ-तस्करी का भंडाफोड़! ट्रक में ठूंसकर ले जा रहे थे 10 गाय, 20 लाख का मशरूका जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार..!

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में गौ-तस्करी के खिलाफ कुरुद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मरौद टोल प्लाजा के पास पुलिस ने एक छह चक्का ट्रक से 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया है। मामले में बिलासपुर और कोरबा जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल ट्रक और गोवंश सहित कुल 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस की घेराबंदी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में अवैध पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी दौरान कुरुद पुलिस को सूचना मिली कि एक छह चक्का ट्रक में गोवंश को अवैध रूप से भरकर ले जाया जा रहा है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने ग्राम मरौद स्थित टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर संदिग्ध अशोक लीलैंड ट्रक को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में 10 गायों को ठूंस-ठूंसकर और पर्याप्त दाना-पानी के बिना परिवहन करते पाया गया। गोवंश को कत्लखाने ले जाए जाने की आशंका भी जताई गई है।

बिलासपुर और कोरबा के आरोपी गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ट्रक में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रदीप कुमार कश्यप (38 वर्ष), निवासी गड़वर, थाना रतनपुर, जिला बिलासपुर और मिथलेश पटेल (22 वर्ष), निवासी कसनिया जरभाठा, थाना कटघोरा, जिला कोरबा के रूप में हुई है।

पुलिस ने सभी 10 गायों को सुरक्षित मुक्त कराया। मामले में थाना कुरुद में अपराध क्रमांक 357/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(डी) के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

20 लाख रुपये का मशरूका जब्त

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 10 गायों की अनुमानित कीमत 5 लाख रुपये और तस्करी में इस्तेमाल अशोक लीलैंड छह चक्का ट्रक की कीमत 15 लाख रुपये आंकी है। इस तरह कुल 20 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।

धमतरी पुलिस के अनुसार, आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अवैध पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखने की बात कही है। साथ ही आम नागरिकों से ऐसी गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button