धमतरी में घर में घुसकर तलवार-लाठी से दहशत, 10-12 युवकों पर आरोप, 5 गिरफ्तार; बाकी की तलाश जारी

धमतरी। शहर के टिकरापारा इलाके में घर में घुसकर गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में धमतरी पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, घटना में तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 21 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। टिकरापारा निवासी एक महिला अपने घर के आंगन में बच्चे को खिला रही थी। इसी दौरान करीब 10 से 12 युवक कथित तौर पर तलवार, बेसबॉल स्टिक और लाठी-डंडों से लैस होकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि युवकों ने महिला के साथ झूमाझटकी करते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
मां के घर पहुंची महिला, वहां भी हंगामा करने का आरोप
घटना के दौरान महिला अपनी जान बचाने के लिए अपनी मां तारा निर्मलकर के घर पहुंची। आरोप है कि वहां भी युवक घर के अंदर घुस गए और गाली-गलौज करते हुए तलवार व लाठी-डंडे लहराकर दहशत फैलाने लगे। पीड़िता की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 273/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नजरी नक्शा तैयार किया। इसके साथ ही सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में देवेन्द्र नेताम उर्फ पप्पू (30), आदित्य मसीह (19), हिमांशु राकुडला (20), हर्ष अंगारे उर्फ छोटू (20) और रूद्रेश प्रताप साहू (29) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किए गए बांस के डंडे भी जब्त किए हैं।
एसपी के निर्देश पर पुलिस की कार्रवाई, अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
धमतरी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि हिंसा, हथियारों के प्रदर्शन, जबरन घर में प्रवेश और धमकी जैसी घटनाओं की सूचना तत्काल पुलिस को दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।