CG- हाथों में मेहंदी, पति की लंबी उम्र की कामना… लेकिन करवा चौथ के दिन 9 माह की गर्भवती ने लगा ली फांसी, परिजनों ने की निष्पक्ष जांच की मांग…..

पखांजूर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। PV-39 इंद्रप्रस्थ गांव में 9 माह की गर्भवती नवविवाहिता करिश्मा राय का शव घर में फांसी के फंदे पर मिला। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है, वहीं मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी के साथ हुई घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मामले में न्याय की मांग करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है। फिलहाल घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतिका करिश्मा राय का विवाह इसी वर्ष फरवरी माह में सामाजिक रीति-रिवाजों के साथ PV-39 इंद्रप्रस्थ निवासी राजेश राय के साथ हुआ था। परिजनों का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दहेज को लेकर विवाद शुरू हो गया था। मायके पक्ष के लोगों ने कई बार बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन इसके बावजूद पति और सास द्वारा लगातार गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना का दौर जारी रहा।
बीते दिन अचानक करिश्मा द्वारा उठाए गए इस खौफनाक कदम से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतिका के परिजनों ने उसकी मौत के लिए सीधे तौर पर पति राजेश राय और उसकी सास को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि लगातार मिल रही प्रताड़ना के कारण ही नवविवाहिता ने यह चरम कदम उठाया। परिजनों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस पूरे मामले को लेकर पखांजूर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों द्वारा लगाए गए दहेज प्रताड़ना के आरोपों सहित अन्य सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
9 माह की गर्भवती नवविवाहिता की इस तरह संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है।



