छत्तीसगढ़

CG Rain Alert : छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के बीच मौसम का यू-टर्न, रायपुर से लेकर जशपुर तक झमाझम बारिश के आसार, इन जिलों में गिर सकती है बिजली……

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसमी सिस्टम का असर अब छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र अवदाब में बदल चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में इसके चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इसके प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। ऐसे में छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के कार्यक्रमों पर भी मौसम की मार पड़ सकती है। बारिश के चलते उत्सव में शामिल होने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

राज्योत्सव पर बारिश का खतरा

राजधानी रायपुर में मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदला हुआ नजर आ रहा है। यहाँ आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। तापमान की बात करें तो रायपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

एक नवंबर को राज्योत्सव के शानदार शुभारंभ के दिन ही बारिश और बादलों के मंडराने से आयोजकों की चिंता बढ़ गई है। इसके अलावा मौसम विभाग ने प्रदेश के कुछ चुनिंदा स्थानों पर भारी बारिश के साथ वज्रपात यानी बिजली गिरने की भी चेतावनी दी है, इसलिए लोगों को खुले में जाने से पहले सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

जशपुर और बलरामपुर में सबसे ज्यादा बारिश

बीते चौबीस घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के कई जिलों में झमाझम बारिश दर्ज की गई है, खासकर उत्तरी हिस्से में बादलों ने जमकर मेहरबानी दिखाई है। जशपुर जिले के मनोरा में सबसे ज्यादा 7 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि कुनकुरी में 5 सेमी और बगीचा में 4 सेमी पानी बरसा। इसके अलावा तपकरा, सन्ना और कांसाबेल में भी 3-3 सेंटीमीटर बारिश दर्ज हुई। बलरामपुर जिले के कुसमी में 5 सेमी, सामरी और चांदो में 2-2 सेमी बारिश हुई, जबकि रायगढ़ के लैलूंगा में भी बादल जमकर बरसे। इस बेमौसम बरसात से जहाँ एक तरफ किसानों की धड़कनें तेज हो गई हैं, वहीं दूसरी तरफ मौसम में ठंडक घुल गई है।

जगदलपुर रहा सबसे गर्म

प्रदेश में तापमान के उतार-चढ़ाव का दौर भी लगातार जारी है। शनिवार को जगदलपुर में अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इसे प्रदेश का सबसे गर्म इलाका बनाता है। इसके विपरीत दुर्ग में रात का पारा गिरकर 19.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुँच गया, जिससे वहाँ हल्की सिहरन महसूस की जा रही है। रायपुर में अधिकतम तापमान 30.2 और न्यूनतम 21.2 डिग्री दर्ज किया गया। पेण्ड्रारोड में तो अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3.6 डिग्री नीचे यानी 25.5 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान सामान्य से लगभग 4.8 डिग्री ऊपर रिकॉर्ड किया गया, जिससे अलग-अलग जिलों में मौसम का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button