CG News : तीन शासकीय मेडिकल कालेजों में पीजी की 33 सीटें बढ़ीं,रायपुर, सरकारी मेडिकल कॉलेजों में अब 298 सीटों पर होगा प्रवेश, पहले थीं 265 सीटें……

रायपुर। छत्तीसगढ़ के तीन शासकीय मेडिकल कॉलेजों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्नातकोत्तर (पीजी) की 33 सीटें बढ़ी हैं। रायपुर, बिलासपुर और जगदलपुर के इन कॉलेजों में पहले कुल 265 सीटें थीं, जो अब बढ़कर 298 हो गई हैं। इससे 33 और डॉक्टरों को प्रदेश के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में विशेषज्ञता हासिल करने का अवसर मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा है कि “मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम कर रही है। सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पीजी की सीटें बढ़ना इसी प्रयास का परिणाम है। यहां प्रशिक्षित विशेषज्ञ डॉक्टर प्रदेश की सेवा करेंगे और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में योगदान देंगे।”
6 नवंबर की संशोधित सीट सूची के अनुसार, रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में 19 सीटें जुड़ने से कुल संख्या 146 से बढ़कर 165 हो गई है। बिलासपुर के छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में 8 सीटें बढ़ी हैं। यहां अब 91 की जगह 99 सीटों पर प्रवेश होगा। जगदलपुर के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में 6 सीटें बढ़ी हैं। यहां अब 28 की जगह 34 सीटें होंगी।
पीजी में दाखिला लेने वाले डॉक्टर पढ़ाई के साथ मेडिकल कॉलेजों से जुड़े अस्पतालों में वरिष्ठ चिकित्सकों की देखरेख में मरीजों की जांच और उपचार में भाग लेते हैं। सीटें बढ़ने से इन अस्पतालों में मरीजों की देखभाल के लिए अतिरिक्त चिकित्सकीय सहयोग मिलेगा।