CG ब्रेकिंग : स्कूल के टॉयलेट में हुआ जोरदार ब्लास्ट, चौथी क्लास की छात्रा झुलसी, अस्पताल में कराया गया भर्ती, स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल….

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से बड़ी खबर सामने आई है। बिलासपुर के एक स्कूल के टॉयलेट में जोरदार ब्लास्ट हो गया। ये घटना बिलासपुर के सेंट विंसेंट पलोटी स्कूल की है। जानकारी के मुताबिक चौथी कक्षा की बच्ची इस ब्लास्ट में झुलस गयी है। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक सोडियम की वजह से ब्लास्ट हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक अन्य कक्षा के छात्रों ने टॉयलेट सीट पर सोडियम रखा था। हालांकि जिस तरह से एल्युमिनियम फॉयल में लपेट कर सोडियम रखा गया था, वो साजिश की तरफ भी इशारा कर रहा है।
सोडियम के पानी के संपर्क में आने पर टॉयलेट में धमाका हो गया। इधर, छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी है। जिसके बाद तुरंत ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच में जुट गयी है। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश है।
यह घटना स्कूलों में सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर रही है। आखिर स्कूल प्रशासन बच्चों की सुरक्षा को लेकर कितनी गंभीर है? और इस तरह की खतरनाक चीजें छात्रों तक कैसे पहुंचीं? इन सवालों के जवाब तलाशने की जरूरत है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।