अन्य ख़बरें

भारत औऱ न्यूजीलैंड के बीच दूसरा एकदिवसीय मुकाबला बारिश डाल सकता है खलल सुबह 7:30 बजे से खेला जाएगा मैच पढ़े पूरी ख़बर

खेल डेस्क//पांच मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला आज शनिवार 7 नवंबर को वेलिंग्टन के हेनरी स्टेडियम में खेला जाएगा। भारतीय समय के मुताबिक सुबह 7:30 बजे से मैच शुरू होगा, टॉस सुबह 7 बजे होगा।

पहले मैच में टीम इंडिया ने जीत दर्ज की थी। ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में बारिश के कारण मैच 32 ओवर का कर दिया गया था। न्यूजीलैंड की टीम 185 रन पर ऑलआउट हो गई थी। डीएलएस पद्धति से भारत को 143 रन का लक्ष्य मिला था जिसे टीम ने 5 विकेट से हासिल कर लिया था। इस जीत के साथ कप्तान शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम ने सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

पहले मैच में विराट कोहली ने 74 रनों की शानदार पारी खेली थी और गिल के साथ 113 रन की बड़ी पार्टनरशिप भी की थी। आज सभी की नजरें फिर से कोहली और गिल पर रहेंगी। वहीं रोहित शर्मा से भी बड़ी पारी की उम्मीद है, जो पहले मैच में खाता नहीं खोल पाए थे।

दूसरी तरफ मेजबान न्यूजीलैंड की कप्तानी मिचेल सैंटनर कर रहे हैं। न्यूजीलैंड की टीम आज वापसी करना चाहेगी। टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ा खतरा डेरिल मिचेल बने हुए हैं। मिचेल ने भारत के खिलाफ पिछले 8 मैचों में 4 शतक और 2 फिफ्टी लगाई है। इस साल उन्होंने 7 मैचों में 501 रन बनाए हैं।

वेलिंग्टन का मैदान भारतीय टीम के लिए लकी रहा है। यहां दोनों टीमों के बीच अब तक 3 मैच हुए हैं, जिनमें भारत को कभी हार नहीं मिली है।

हालांकि इस मैच पर भी बारिश का साया मंडरा रहा है। वेलिंग्टन में आज करीब 60 फीसदी बारिश की संभावना जताई गई है। शुक्रवार को बारिश के कारण भारत का अभ्यास सत्र भी रद्द करना पड़ा था, जबकि न्यूजीलैंड ने इनडोर में अभ्यास किया था। अगर मैच होता है तो एक बार फिर डकवर्थ लुईस नियम की अहमियत देखने को मिल सकती है।

इस मैच को जीतकर भारत सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाना चाहेगा, जबकि न्यूजीलैंड को सीरीज में बने रहने के लिए जीत जरूरी है। मैच का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क पर और लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव पर देखी जा सकेगी।

Related Articles

Back to top button