CG ब्रेकिंग : दीपावली पर भीषण सड़क हादसा, नदी में गिरी कार, पति-पत्नी समेत 4 की मौत…

गरियाबंद।गरियाबंद जिले में दीपावली की देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजिम के टीला एनीकट के पास एक कार अनियंत्रित होकर महानदी में गिर गई। हादसे में कार सवार एक पत्रकार समेत परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनके 19 साल के बेटे और 21 साल की बेटी शामिल हैं। परिवार रायपुर में दिवाली मनाकर अपने गांव लौट रहा था। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।
दिवाली मनाकर रायपुर से गांव लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र के पसौद गांव का रहने वाला साहू परिवार दीपावली मनाने रायपुर गया था। त्योहार मनाने के बाद परिवार देर रात कार से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान राजिम के टीला एनीकट के पास उनकी कार बेकाबू होकर सीधे महानदी में जा गिरी।बताया जा रहा है कि हादसा रात करीब 11 बजे से 2 बजे के बीच हुआ।
शीतल साहू समेत परिवार के चार लोगों की मौत
इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शीतल साहू, उनकी पत्नी भारती साहू, बेटे विकास साहू (19) और बेटी पूर्वा साहू (21) के रूप में हुई है।
गांव से महज 3 किलोमीटर पहले हुआ हादसा
इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि परिवार अपने गांव से महज 3 किलोमीटर दूर था। घटनास्थल से घर पहुंचने में करीब 10 मिनट का समय लगता था।जानकारी के अनुसार, शीतल साहू की रात करीब 11 बजे परिवार के लोगों से आखिरी बार बातचीत हुई थी। जब रात 2 बजे के बाद भी परिवार घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता हुई और वे उनकी तलाश में निकल पड़े।
एनीकट के टूटे मिले चार पिलर, नदी में मिली कार
परिजन जब टीला एनीकट के पास पहुंचे तो वहां एनीकट के चार पिलर टूटे हुए मिले। इसके बाद नदी में कार दिखाई दी। आशंका जताई गई कि कार एनीकट से टकराने के बाद नदी में गिर गई होगी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
गोबरा नवापारा पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलने के बाद गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। कार एनीकट से नदी में किन परिस्थितियों में गिरी, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।



