CG- चोरों का ऐसा शराब प्रेम! छत-दीवार तोड़कर दुकान में घुसे, कैश के साथ महंगी शराब की बोतलें भी ले उड़े…..

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में चोरों ने अंग्रेजी शराब दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की एक मुख्य शराब दुकान में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और अंदर रखी नकदी व महंगी शराब की बोतलों पर हाथ साफ कर दिया। शातिर चोरों ने वारदात को अंजाम देने के बाद सबूत मिटाने की भी कोशिश की। इसके लिए वे दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का DVR तक उखाड़कर अपने साथ ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही आबकारी विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, विनोबा नगर निवासी विनोद प्रजापति (32) चक्रधर नगर क्षेत्र की इस अंग्रेजी शराब दुकान में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत है। रोज की तरह दिनभर की बिक्री के बाद रात करीब 10 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी अंदर हिसाब-किताब कर रहे थे। इसके बाद रात करीब 11 बजे गोदाम और दुकान के बाहर के शटर में ताला लगाकर सभी अपने-अपने घर चले गए।
अगले दिन सुबह करीब साढ़े नौ बजे जब सुपरवाइजर दुकान पहुंचा और ताला खोलकर अंदर दाखिल हुआ, तो उसे अंदर का नजारा देख अपनी आंखों पर विश्वास नहीं हुआ। दुकान का सारा सामान और शराब की पेटियां बिखरी पड़ी थीं। जांच करने पर पता चला कि चोरों ने बेहद शातिराना अंदाज में वारदात को अंजाम दिया है। दुकान की छत पर जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा टूटा हुआ था, जिससे आशंका जताई जा रही है कि चोर छत के रास्ते अंदर घुसे थे।
चोरों ने गोदाम में रखे मुख्य लॉकर की दीवार को भी तोड़ने की भरपूर कोशिश की, लेकिन वे लॉकर तोड़ने में सफल नहीं हो सके।
कैश, महंगी शराब और DVR ले उड़े चोर
दुकान के काउंटर का गल्ला खुला हुआ था, जिसमें रखे करीब 15 हजार रुपये नगद गायब थे। इसके अलावा चोर अपने साथ महंगी विदेशी शराब की पेटियों में से ‘100 पाइपर’ की दो और ‘वैलेंटाइन’ की एक बोतल भी उठा ले गए। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोरों ने अपनी पहचान छिपाने और सीसीटीवी फुटेज हाथ न लगने देने के लिए काउंटर में लगा CCTV कैमरे का DVR भी उखाड़कर अपने साथ ले गए।
कैश, महंगी शराब और अन्य सामान मिलाकर 26 हजार रुपये की चोरी की बात सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही चक्रधर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मुआयना किया। पुलिस ने सुपरवाइजर की शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ BNS की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर, आसपास के संदिग्धों तथा रूट के सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए चोरों की तलाश तेज कर दी है।



