छत्तीसगढ़

CG- महज 1500 रुपये के विवाद में खूनी वारदात, उधारी मांगने पहुंचे युवक की हत्या, पुल के नीचे मिला शव……

अंबिकापुर। बलरामपुर जिले के थाना सनावल क्षेत्र के कामेश्वरनगर में 1500 रुपये के उधार लेनदेन को लेकर युवक की हत्या कर दी गई। मृतक धमेंद्र गोड़ (18) का शव जिरातीपारा मेन रोड पुलिया के नीचे पानी में मिला था। गांव के ही नरेश परहिया द्वारा पुल से धक्का देकर धर्मेंद्र की हत्या का आरोप है। स्वजन के बयान के आधार पर पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार छह नवंबर की सुबह ग्राम कामेश्वरनगर स्थित जिरातीपारा मेन रोड पुलिया के नीचे पानी में धर्मेंद्र गोंड का शव मिला था। परिजन द्वारा हत्या का आरोप लगाया गया था। पुलिस ने जांच के दौरान पुलिस ने गवाह रामेश्वर पिता देवनारायण, इंद्रमणि पति रामेश्वर, केश्वर आयाम, बलराम सिंह, मोहम्मद एतेहशाम, फौदार सिंह, राजकुमार सहित कई ग्रामीणों के कथन लिए।

जांच में सामने आया कि मृतक धमेंद्र और आरोपित नरेश परहिया उर्फ नरेश पंडो दोनों मुंबई में काम करने गए थे। मुंबई में ही मृतक धमेंद्र ने नरेश से 1500 रुपये उधार लिए थे। पांच नवंबर 2026 की शाम छह से सात बजे के बीच नरेश परहिया मोटरसाइकिल से दो छोटे बच्चों के साथ कामेश्वरनगर स्थित धमेंद्र के घर पहुंचा। उसने धमेंद्र के पिता रामेश्वर से पूछा कि धमेंद्र कहां है, उसे 1500 रुपये लेना है। इसी दौरान धमेंद्र आ गया और दोनों आपस में बात करते हुए मोटरसाइकिल से मेन रोड पुलिया की तरफ चले गए। रात भर धमेंद्र घर नहीं लौटा।

परिजन ने फोन किया तो मोबाइल बंद मिला। अगली सुबह छह नवंबर को सुबह छह बजे ग्रामीणों ने देखा कि जिरातीपारा मेन रोड पुलिया के नीचे पानी में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना पर पिता रामेश्वर मौके पर पहुंचा और शव की पहचान अपने बेटे धमेंद्र के रूप में की।पिता रामेश्वर ने थाना सनावल में रिपोर्ट दर्ज कराया।

रिपोर्ट के मुताबिक धमेंद्र मुंबई में करीब एक माह काम कर छह-सात दिन पहले ही घर लौटा था।गवाहों ने बताया कि पुल के पास 1500 रुपये के लेनदेन को लेकर मृतक धमेंद्र और नरेश परहिया के बीच वाद-विवाद हो रहा था। स्वजन ने आरोप लगाया है कि नरेश परहिया ने ही पुल के ऊपर से धक्का देकर हत्या की है। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर विवेचना में लिया है।

Related Articles

Back to top button