CG- सरकारी दफ्तर बना दावत का अड्डा! डिप्टी रेंजर चिकन-मटन बनाते दिखे, वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप……

बिलासपुर। वन विभाग के सरकारी कार्यालय में शराब और मटन पार्टी का मामला सामने आने से विभाग में हड़कंप मच गया है। सीपत वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय में कथित तौर पर शराब और चखने के साथ महफिल सजाए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में सीपत वन परिक्षेत्र के डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल के साथ करीब 10 से 15 बाहरी युवक पार्टी करते नजर आ रहे हैं।
डिप्टी रेंजर कार्यालय के किचन में चिकन-मटन बनाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में कार्यालय के भीतर कई लोग डिस्पोजल गिलास में शराब जैसी दिखाई देने वाली पेय लिए नजर आ रहे हैं।
वीडियो में पार्टी चलने की बात भी कही जा रही है। हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर यह पूरी गतिविधि दिखाई दे रही है, उसके ठीक सामने वन परिक्षेत्र अधिकारी कार्यालय, सीपत का बोर्ड लगा हुआ है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर सरकारी कार्यालय के भीतर बाहरी युवकों के साथ इस तरह की महफिल किसकी अनुमति से सजाई गई थी?
वीडियो में जब डिप्टी रेंजर लक्ष्मीकांत गढ़ेवाल से कार्यालय के भीतर चल रही पार्टी को लेकर सवाल-जवाब किया जाता है, तो वे सवाल पूछने वाले व्यक्ति से ही पूछते नजर आते हैं कि बिना परमिशन कैसे अंदर घुसे और किससे अनुमति लेकर आए हैं। इस दौरान वे संबंधित कमरे को अपना ‘प्राइवेट रूम’ बताते हुए भी सुनाई देते हैं। उनका यह जवाब अब चर्चा का विषय बना हुआ है। सवाल यह है कि वन विभाग के सरकारी कार्यालय के भीतर मौजूद कमरा निजी कैसे हो सकता है और वहां बाहरी लोगों के साथ इस तरह की गतिविधियों की अनुमति किस आधार पर दी गई?



