CG- NMDC स्टील प्लांट में दर्दनाक हादसा, पिघले स्लैग की चपेट में आने से ऑपरेटर की मौत, प्लांट में मची अफरा-तफरी…..

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले के नगरनार स्थित एनएमडीसी स्टील प्लांट में बड़ा हादसा हो गया। प्लांट में काम के दौरान एक ऑपरेटर पिघले हुए स्लैग की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि ऑपरेटर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 31 वर्षीय मंगल साय के रूप में हुई है। वह छोटे देवड़ा का निवासी था। बताया जा रहा है कि मंगल साय वर्ष 2023 से एनएमडीसी स्टील प्लांट में ऑपरेटर के पद पर कार्यरत था। काम के दौरान वह अचानक पिघले हुए स्लैग की चपेट में आ गया। हादसा इतना गंभीर था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले को लेकर एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि प्लांट की उत्पादन शाखा में काम करने के दौरान एक टेक्नीशियन पिघले हुए स्लैग की चपेट में आ गया, जिसकी वजह से घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही नगरनार पुलिस मौके पर पहुंची और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
फिलहाल, हादसा कैसे और किन परिस्थितियों में हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है। दुर्घटना के पीछे की वजहों का भी पता लगाया जा रहा है।



