CG- विवाहिता की संदिग्ध मौत : बेटी की मौत पर पिता ने उठाए सवाल, दहेज प्रताड़ना के आरोपों की निष्पक्ष जांच की मांग…..

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के ग्राम बिमड़ा में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इधर, मृतका के पिता ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामला बगीचा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 32 वर्षीय रीना गुप्ता के रूप में हुई है। मृतका के पिता नंदलाल गुप्ता ने बगीचा थाने में लिखित आवेदन देकर पति मुकेश गुप्ता, सास और ननद समेत ससुराल पक्ष के अन्य लोगों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पिता का आरोप है कि, रीना को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था और हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पिता नंदलाल गुप्ता के अनुसार, उनकी बेटी रीना की शादी वर्ष 2018 में हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों के बाद से ही उसे ससुराल पक्ष द्वारा दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा था। आरोप है कि, पति मुकेश गुप्ता ने रीना को दूसरी शादी करने की धमकी दी थी और उसे घर से भी बाहर निकाल दिया था।
इस मामले के खुलासे के मुताबिक, घटना 8 नवंबर 2026 की है। सुबह के समय रीना की 6 वर्षीय बेटी को दूध पहुँचाने के लिए एक रिश्तेदार उनके घर गए थे। इसके कुछ ही समय बाद सुबह करीब 9 बजे परिजनों को सूचना मिली कि, रीना की तबीयत अचानक बेहद बिगड़ गई है। इसके कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर सामने आई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही मृतका के पिता ने बगीचा थाना पहुंचकर पुलिस को आवेदन दिया। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि, इस पूरे मामले की गहराई से निष्पक्ष जांच की जाए। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच में जुट गई।



