CG- पुरानी दुश्मनी में खूनी खेल, युवक को घेरकर धारदार हथियार से किया हमला, 10 आरोपी गिरफ्तार…..

दुर्ग। दिवाली के दूसरे दिन दुर्ग में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और धारदार हथियार से किए गए हमले में एक युवक की मौत हो गई। हत्या की इस वारदात से राजीव नगर इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 नाबालिग समेत कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दरअसल, मामला दुर्ग सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के राजीव नगर का है। एएसपी शोभराज अग्रवाल ने बताया कि मृतक चंदू प्रसाद देवांगन की गया नगर क्षेत्र के कुछ युवकों के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश को लेकर 9 नवंबर की रात दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को मौके पर बुलाया और एक राय होकर चंदू पर हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल चंदू को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद समारू राम देवांगन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंकज ठाकुर, निखिल ठाकुर, खूबलाल ठाकुर, संगीता ठाकुर, पुष्पा ठाकुर, योगिता ठाकुर, संदीप ठाकुर, सत्या साहू और दो अपचारी बालकों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी राजीव नगर वार्ड क्रमांक-4 के निवासी बताए गए हैं।
एएसपी ने बताया कि सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 61(2), 191(1), 191(2) और 331(8) के तहत अपराध दर्ज किया है। सभी 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।



