छत्तीसगढ़

CG ब्रेकिंग : रेलवे स्टेशन पर बम की खबर से मचा हड़कंप, बीच रास्ते रोकी गई यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस, डॉग स्क्वॉड मौके पर तैनात….

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना मिली। खबर मिलते ही रेलवे और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। तत्काल पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमें अलर्ट मोड पर आ गईं। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए स्टेशन परिसर और ट्रेन में सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।

जानकारी के मुताबिक, यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी थी। इसी दौरान ट्रेन में बम होने की सूचना सामने आई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि सूचना मिलने के समय से ट्रेन करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर खड़ी रही। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ डॉग स्क्वॉड को भी तैनात किया गया।

पुलिस और RPF की टीमें ट्रेन के डिब्बों के साथ स्टेशन परिसर की भी बारीकी से जांच कर रही हैं। यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए अपने कब्जे में लिया है। हालांकि, उसकी भूमिका को लेकर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि ट्रेन में बम होने की सूचना महज अफवाह थी या इसके पीछे कोई वास्तविक खतरा है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल जांच जारी है और यात्रियों के बीच दहशत का माहौल बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button