छत्तीसगढ़

CG- फ़टाके ने छीना घर का चिराग, लहसुन पटाखा चबाने वाले 2 साल के मासूम आदित्य की दर्दनाक मौत, घर में पसरा मातम…..

सरगुजा। सीतापुर थाना क्षेत्र के बनेया गांव में त्योहार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब किसान इंद्रजीत मांझी का महज दो साल का मासूम बेटा आदित्य खेलते-खेलते बच्चों के ‘लहसुन’ (पॉप-पॉप) पटाखे को मुंह में डालकर चबाने लगा। इसी दौरान पटाखे में धमाका हो गया और मासूम हादसे का शिकार हो गया।

जमीन पर पटकने से फूटने वाले इस छोटे से पटाखे के मुंह के अंदर अचानक फट जाने से मासूम के मसूड़े बुरी तरह जख्मी हो गए और खून थमने का नाम ही नहीं लिया। माता-पिता ने अपनी आंखों के तारे को बचाने के लिए सीतापुर से लेकर अंबिकापुर के अस्पतालों तक की दौड़ लगाई, डॉक्टरों ने खून भी चढ़ाया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान इस नन्हे फरिश्ते ने दम तोड़ दिया, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

मसूड़े में फटा पटाखा, शुरू हुआ ब्लीडिंग का खौफनाक सिलसिला

घटना के समय मासूम आदित्य का पूरा परिवार उत्सव के माहौल में व्यस्त था। इसी बीच, इंद्रजीत का दो साल का बेटा आदित्य पटाखों के एक पैकेट के साथ खेल रहा था। वह भी हर चीज को कौतूहल से देख रहा था। आदित्य की मां गायत्री ने रुंधे गले से बताया कि खेलते-खेलते नासमझ आदित्य ने वह लहसुन पटाखा अपने मुंह में रख लिया और उसे चबाने लगा।

जैसे ही उसने उसे चबाया, वह मुंह के अंदर ही फट गया। पटाखे के भीतर मौजूद छोटे पत्थरों और बारूद के असर से आदित्य के नाजुक मसूड़े बुरी तरह जख्मी हो गए। मसूड़े से खून बहने लगा। एक पल पहले जो बच्चा हंस-खेल रहा था, वह खून से लथपथ होकर दर्द से छटपटाने लगा। परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई।

अस्पताल से अस्पताल की दौड़ और बेबस आंखें

बेटे की हालत देख सहमे परिजन बिना एक पल गंवाए उसे तुरंत लेकर सीतापुर अस्पताल पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राहत दी तो परिजन उसे घर ले आए, लेकिन कुछ ही देर बाद मासूम के मुंह से दोबारा तेजी से खून बहने लगा। उसकी हालत तेजी से बिगड़ने लगी, जिसे देख माता-पिता का कलेजा कांप उठा। वे दोबारा उसे लेकर अस्पताल दौड़े, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे तुरंत अंबिकापुर रेफर कर दिया।

परिजनों ने बिना देर किए आदित्य को अंबिकापुर के मिशन अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों की टीम ने उसकी जान बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किया, उसे खून भी चढ़ाया गया, लेकिन आंतरिक चोट और लगातार बह रहे खून के कारण उसकी स्थिति संभल नहीं पाई। डॉक्टरों के मुताबिक, पटाखे के अंदर मौजूद पत्थरों के कणों से मसूड़े में गहरी चोट आई थी, जिससे ब्लीडिंग रुक नहीं पा रही थी। गुरुवार की सुबह इलाज के दौरान आखिरकार उस नन्हीं जान ने दम तोड़ दिया और उसकी सांसें हमेशा के लिए थम गईं।

Related Articles

Back to top button