धमतरीनगरी

वन क्षेत्र बना एक्सपायरी खाद्य पदार्थों का डंपिंग जोन,नगरी-कर्राघाटी मार्ग पर माजा-अमूल मट्ठा के पैकेट मिलने से मचा हड़कंप…

धमतरी नगरी। त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर प्रशासन की निगरानी बढ़ी हुई है, लेकिन इसी बीच नगरी-कर्राघाटी मार्ग पर सड़क किनारे वन क्षेत्र में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ फेंके जाने का मामला सामने आया है। मौके पर माजा, अमूल मट्ठा सहित अन्य खाद्य सामग्री के एक्सपायरी पैकेट मिलने से खाद्य पदार्थों के सुरक्षित निस्तारण और पर्यावरण संरक्षण को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बताया जा रहा है कि किसी व्यापारी द्वारा एक्सपायरी खाद्य सामग्री को नियमानुसार नष्ट या निस्तारित करने के बजाय सड़क किनारे वन क्षेत्र में खुले में फेंक दिया गया। इससे क्षेत्र में गंदगी फैलने के साथ प्लास्टिक पैकेजिंग के कारण पर्यावरण प्रदूषण का खतरा बढ़ गया है।

मवेशियों और वन्यजीवों के स्वास्थ्य पर भी खतरा…

वन क्षेत्र के आसपास अक्सर मवेशी और अन्य वन्यजीव विचरण करते हैं। ऐसे में यदि फेंके गए एक्सपायरी खाद्य पदार्थ उनके संपर्क में आते हैं या उनका सेवन कर लिया जाता है, तो स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या उत्पन्न हो सकती है। वहीं खाद्य पदार्थों के पैकेट और प्लास्टिक कचरे से वन क्षेत्र की स्वच्छता और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि एक्सपायरी खाद्य सामग्री का खुले में निस्तारण करने के बजाय संबंधित नियमों के तहत सुरक्षित तरीके से उसका निपटारा किया जाना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यक्ति या व्यापारी की पहचान करने और नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की भी उठी मांग…

त्योहारी सीजन को देखते हुए स्थानीय लोगों ने नगरी क्षेत्र की दुकानों के साथ-साथ होटल, रेस्टोरेंट और ढाबों में भी नियमित जांच की मांग की है। लोगों का कहना है कि जांच केवल खाद्य पदार्थों की सैंपलिंग तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि एक्सपायरी डेट, साफ-सफाई, खाद्य सामग्री के सुरक्षित भंडारण और निस्तारण व्यवस्था की भी जांच की जानी चाहिए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कही जांच की बात…

इस मामले में खाद्य सुरक्षा विभाग के फूड सेफ्टी ऑफिसर फनेश्वर पिथौरा ने बताया कि कुछ दिनों पूर्व विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए रायपुर स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जा रही है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

अब जिम्मेदार पर कार्रवाई का इंतजार…

नगरी-कर्राघाटी मार्ग के वन क्षेत्र में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ फेंके जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है कि इन खाद्य पदार्थों को खुले में फेंकने वाला जिम्मेदार कौन है और उसके खिलाफ कार्रवाई कब होगी? प्रशासन यदि मामले की जांच कर जिम्मेदार व्यापारी की पहचान करता है, तो न केवल खुले में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ फेंकने पर रोक लगेगी, बल्कि भविष्य में पर्यावरण और वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर भी एक स्पष्ट संदेश जाएगा।

दुकानदारों और व्यापारियों से अपील: एक्सपायरी खाद्य पदार्थों को खुले में, सड़क किनारे या वन क्षेत्र में न फेंकें। नियमों के अनुसार उनका सुरक्षित निस्तारण करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button