सांकरा मोड़ पर राहगीर से ₹10 हजार की लूट,24 घंटे में दो आरोपी गिरफ्तार, ₹3,700 कैश और पल्सर बाइक जब्त..!

धमतuरी। अर्जुनी थाना क्षेत्र के सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास राहगीर से मारपीट कर ₹10 हजार की लूट करने वाले दो आरोपियों को धमतरी पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से ₹3,700 नगद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है। दोनों आरोपियों को न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
फल खरीदने रुके युवक को बनाया निशाना
पुलिस के अनुसार, ग्राम गातापार निवासी शीतल कुमार साहू (28 वर्ष) 13 नवंबर को अपनी मोटरसाइकिल से ग्राम भोथली में आयोजित नहावन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। उनके पास ₹10 हजार नगद थे। दोपहर करीब 1:20 बजे वे सांकरा मोड़ स्थित जरही माता मंदिर के पास फल खरीदने के लिए रुके।
इसी दौरान सांकरा की ओर से पल्सर बाइक पर सवार होकर आए दो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर दोनों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट कर उन्हें डराया-धमकाया और उनकी जेब से ₹10 हजार नगद, आधार कार्ड, पैन कार्ड और एटीएम कार्ड वाला पर्स जबरन लूटकर फरार हो गए।
बाइक नंबर बना आरोपियों तक पहुंचने का जरिया
घटना की रिपोर्ट मिलते ही थाना अर्जुनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 187/26, धारा 309(6) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक श्रीमती भावना पांडेय के निर्देश पर पुलिस टीम ने तत्काल आरोपियों की पतासाजी शुरू की।
प्रार्थी द्वारा आरोपियों की बाइक का नंबर CG 05 AU 8630 नोट किया गया था। इसी सुराग और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ग्राम सांकरा निवासी नितिन साहू और संदीप सोरी उर्फ विनय को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ और मेमोरेंडम कथन में दोनों आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि लूटे गए ₹10 हजार को दोनों ने ₹5-₹5 हजार आपस में बांट लिया था। कुछ रकम खाने-पीने में खर्च हो गई, जबकि पर्स में रखे दस्तावेजों को फेंक दिया गया।
₹3,700 नगद और पल्सर बाइक जब्त
पुलिस ने आरोपी नितिन साहू के कब्जे से ₹2,450 नगद और वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की। वहीं आरोपी संदीप सोरी उर्फ विनय के कब्जे से ₹1,250 नगद बरामद किया गया। इस तरह पुलिस ने कुल ₹3,700 नगद और एक पल्सर बाइक जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन साहू (25 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा और संदीप सोरी उर्फ विनय (18 वर्ष 3 माह), निवासी ग्राम सांकरा के रूप में हुई है।
दोनों आरोपियों को 14 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, धमतरी के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना अर्जुनी पुलिस टीम एवं वैज्ञानिक अधिकारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अपराधों की रोकथाम और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस को सूचना दें।