बेमेतरा में 16 से 21 नवंबर तक चलेगा संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान, घर-घर होगा सर्वे
मोतियाबिंद की जांच, निःशुल्क उपचार - आंखों की रोशनी बचाने स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अभियान

बेमेतरा में 16 से 21 नवंबर तक चलेगा संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान, घर-घर होगा सर्वे
मोतियाबिंद की जांच, निःशुल्क उपचार – आंखों की रोशनी बचाने स्वास्थ्य विभाग का बड़ा अभियान
बेमेतरा, 14 नवंबर 2026 / राष्ट्रीय अंधत्व निवारण कार्यक्रम के तहत बेमेतरा विकासखंड में संपूर्ण नेत्र सुरक्षा अभियान 16 नवंबर से 21 नवंबर तक चलाया जाएगा। यह अभियान जिला कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े के मार्गदर्शन में आयोजित किया जाएगा।
अभियान की तैयारियों को लेकर आज सीएचसी खंडसरा में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े, जिला अंधत्व नोडल अधिकारी डॉ. अंशु अग्रवाल, जिला सहायक नोडल अधिकारी योगेंद्र भार्गव, समस्त स्वास्थ्य कार्यकर्ता, सेक्टर प्रभारी एवं जिले के समस्त नेत्र सहायक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में अभियान की रूपरेखा, सर्वे की कार्ययोजना, मरीजों की जांच, रेफरल व्यवस्था एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने-अपने क्षेत्र में अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए।
क्या-क्या होगा इस अभियान में –
1. मितानिनों द्वारा गांव-गांव घर-घर जाकर सभी व्यक्तियों का सर्वे किया जाएगा।
2. सर्वे के दौरान आंखों की रोशनी में कमी, धुंधला दिखना, आंखों में पानी आना, जलन, खुजली एवं मोतियाबिंद के लक्षण वाले मरीजों को चिन्हांकित किया जाएगा।
3. चिन्हांकित मरीजों की नेत्र सहायक अधिकारियों द्वारा विस्तृत जांच की जाएगी।
4. मोतियाबिंद के मरीजों को ऑपरेशन हेतु चिन्हांकित कर जिला चिकित्सालय / निर्धारित केंद्र में निःशुल्क ऑपरेशन की सुविधा दी जाएगी।
5. दृष्टि दोष वाले मरीजों की चश्मा जांच कर आवश्यकतानुसार चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा।
6. बच्चों, बुजुर्गों एवं मधुमेह के मरीजों की आंखों की विशेष जांच पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
7. आंखों की देखभाल, साफ-सफाई एवं बचाव के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शरद कोहाड़े ने कहा कि अंधत्व का सबसे बड़ा कारण मोतियाबिंद है, जिसका समय पर ऑपरेशन से पूर्ण इलाज संभव है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य है कि बेमेतरा विकासखंड का कोई भी व्यक्ति आंख की बीमारी के कारण दृष्टि से वंचित न रहे, इसलिए सभी लोग अपनी आंखों की जांच अवश्य कराएं।
जिला अंधत्व नोडल अधिकारी डॉ. अंशु अग्रवाल ने बताया कि अभियान के दौरान चिन्हांकित सभी मरीजों का फॉलोअप किया जाएगा और किसी भी मरीज को उपचार से वंचित नहीं रखा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग की अपील: सभी ग्रामीण इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं, मितानिनों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सर्वे में सहयोग करें और अपनी आंखों की जांच अवश्य कराएं। आंखों की समय पर जांच ही रोशनी बचाने का सबसे आसान उपाय है।



