अन्य ख़बरें

CG – बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह संपन्न, मुख्यमंत्री ने बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण और दी 120 करोड़ की सौगात पढ़े पूरी ख़बर

बिलासपुर// बिलासपुर में आज जनजातीय गौरव दिवस का मुख्य समारोह धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। धरती आबा बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। दिनभर चले कार्यक्रमों में शोभायात्रा, आमसभा, राष्ट्रीय संगोष्ठी और विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन हुआ।

गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में प्रतिमा का अनावरण…

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सबसे पहले गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्यमंत्री ने संगोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए जनजातीय वीर नायकों का संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष के जीवन में अंग्रेजी शासन के अन्याय और शोषण के विरुद्ध ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल से जनजातीय समाज के योगदान को राष्ट्रीय सम्मान मिला है। कार्यक्रम में राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर जनजातीय वीर नायकों के जीवन, संघर्ष और बलिदान पर आधारित प्रदर्शनी की सराहना की।

विशाल शोभायात्रा और आमसभा…

जरहाभाठा स्थित आदिवासी बालक छात्रावास से विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में जनजातीय समाज के लोग पारंपरिक वेशभूषा, रीति रिवाज और सांस्कृतिक स्वरूप के साथ शामिल हुए। शोभायात्रा नेहरू चौक, सदर बाजार और गोल बाजार होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान पहुंची, जहां यह विशाल आमसभा में बदल गई।

आमसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान और अपनी संस्कृति की रक्षा का इतिहास है। उन्होंने कहा कि जनजातीय नायकों की गौरवगाथा से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी को सहभागी बनना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने की। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू भी मौजूद रहे।

120 करोड़ के 16 विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इसमें 89 करोड़ 30 लाख 76 हजार रुपये के 7 कार्यों का भूमिपूजन और 29 करोड़ 79 लाख 76 हजार रुपये के 9 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इनमें सड़क, शिक्षण संस्थाओं के भवन, बालिका छात्रावास, तहसील कार्यालय और पार्किंग व्यवस्था से जुड़े कार्य शामिल हैं।

28 प्रतिभाएं सम्मानित
समारोह में शिक्षा, खेल, कला एवं समाजसेवा के क्षेत्र की 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री ने पुराने बस स्टैंड स्थित नवनिर्मित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण भी किया। इसके साथ ही सेंदरी स्थित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट और धान खरीदी केंद्र का अवलोकन किया।

कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, कुलपति आलोक कुमार चक्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, प्राध्यापक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button