CG- तेज रफ्तार बनी काल : स्कूटी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई, 21 वर्षीय युवती की दर्दनाक मौत….

बिलासपुर। जिले में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। श्रीकांत वर्मा मार्ग पर हुए सड़क हादसे में 21 वर्षीय युवती दिशा मनहर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवती स्कूटी से जा रही थी, इसी दौरान स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क के बीच बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी गंभीर थी कि युवती को संभलने का मौका तक नहीं मिला और हादसे में उसकी जान चली गई। मृतका दिशा मनहर तिफरा यदुनंदन नगर की रहने वाली थी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई शुरू की। हादसे के बाद एक बार फिर शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों से होने वाले हादसों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। फिलहाल सिविल लाइन थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है।



