धमतरी

CG उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में बड़ी कार्रवाई,करका की 102 हेक्टेयर से अधिक वनभूमि अतिक्रमण मुक्त, एक लाख पेड़ों को नुकसान पहुंचाने का दावा

 

 

 

 

 

धमतरी गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत बुधवार को चलाए गए अभियान में 102.45 हेक्टेयर आरक्षित वनभूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान 400 से अधिक वनकर्मी, पुलिस बल और कार्यपालिक दंडाधिकारी तैनात रहे।

2200 हेक्टेयर का सामुदायिक वन अधिकार, फिर भी बढ़ता गया अतिक्रमण

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2020 में शासन द्वारा ग्रामसभा करका को करीब 2200 हेक्टेयर वन क्षेत्र में सामुदायिक वन संसाधन अधिकार (CFRR) प्रदान किया गया था। इसका उद्देश्य स्थानीय समुदाय की सहभागिता से वन क्षेत्र का संरक्षण और संवर्धन करना था।

इसके बावजूद पिछले करीब एक दशक में करका के जंगल में बड़े पैमाने पर पेड़ों की कटाई, पेड़ों को सुखाने के लिए गर्डलिंग तथा वनभूमि पर खेती के माध्यम से अतिक्रमण बढ़ने की बात सामने आई है। विभागीय आकलन के अनुसार इस अवधि में करीब एक लाख पेड़ों की कटाई अथवा क्षति हुई है।

वन विभाग के अनुसार वर्ष 2016 में जहां अतिक्रमण का क्षेत्रफल करीब 22 हेक्टेयर था, वहीं वर्ष 2026 तक यह बढ़कर 102.45 हेक्टेयर हो गया। अतिक्रमण क्षेत्र का दस्तावेजीकरण इसरो की सैटेलाइट इमेजरी और जीपीएस आधारित ड्रोन सर्वेक्षण के माध्यम से किया गया।

कार्रवाई में महिला वनकर्मियों की अहम भूमिका

अतिक्रमण हटाने के अभियान में महिला वनकर्मियों ने भी सक्रिय भूमिका निभाई। विभाग के मुताबिक, पिछले चार वर्षों में महिला वनकर्मियों की भागीदारी से कुल 1090 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है।

आगजनी की कोशिश नाकाम, महिला वनकर्मी से मारपीट; तीन गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान टाइगर रिजर्व क्षेत्र में आगजनी की कोशिश को भी नाकाम किया गया। इसी दौरान एक महिला वनकर्मी के साथ कथित तौर पर हमला किया गया। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। विभाग ने बताया कि दुष्प्रेरण करने और अतिक्रमणकारियों को उकसाने वाले लोगों के खिलाफ भी POR दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी।

अतिक्रमण मुक्त भूमि पर 2500 कंटूर ट्रेंच का निर्माण

अतिक्रमण से मुक्त कराई गई भूमि को पर्यावरणीय रूप से पुनर्जीवित करने की दिशा में भी काम शुरू कर दिया गया है। अभियान के दौरान ही 2500 कंटूर ट्रेंच का निर्माण किया गया। विभाग का लक्ष्य कुल 25 हजार कंटूर ट्रेंच तैयार करना है।

इन संरचनाओं के माध्यम से वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण और प्राकृतिक वनस्पति के पुनर्जनन को बढ़ावा देने की योजना है।

वन विभाग के अनुसार, करका में की गई यह कार्रवाई केवल अतिक्रमण हटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि महानदी के उद्गम क्षेत्र, वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और संवेदनशील पारिस्थितिकी तंत्र के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभाग ने वनभूमि पर दोबारा अतिक्रमण रोकने और क्षेत्र की निगरानी को मजबूत करने की बात कही है।

Related Articles

Back to top button