
नयाभारत कोरबा मौसम विभाग द्वारा जारी अलर्ट अनुसार 20 एवं 21 नवंबर को कोरबा जिले में हल्की से मध्यम तथा कहीं-कहीं भारी वर्षा और तेज हवा चलने की प्रबल संभावना है। मौसम की इस स्थिति को देखते हुए कोरबा प्रभारी कलेक्टर प्रतीक जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को सतर्क रहने और आपदा से निपटने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
प्रभारी कलेक्टर ने कहा है कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव की व्यवस्था पहले से तैयार रखें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि संभावित जलभराव, नदी-नालों में बढ़ते जलस्तर, तेज हवा और पेड़ अथवा बिजली के तार गिरने जैसी परिस्थितियों पर लगातार नजर रखी जाए।
जनपद पंचायतों और राजस्व अमले को अलर्ट रहने के निर्देश
मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायतों को निर्देशित किया गया है कि 20 एवं 21 नवंबर को पंचायत सचिव, रोजगार सहायक और कोटवार अपने-अपने पंचायत मुख्यालयों में उपस्थित रहें। कोटवारों के माध्यम से गांवों में मुनादी कराकर लोगों को जर्जर मकानों, पेड़ों, बिजली के खंभों और तारों से दूर रहने की सूचना दी जाए। पंचायत भवनों और सुरक्षित स्कूल भवनों को जरूरत पड़ने पर राहत केंद्र के रूप में उपयोग के लिए तैयार रखा जाए तथा नालियों की सफाई कराई जाए। जर्जर कच्चे मकानों में रह रहे परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।
अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और तहसीलदारों को नदी-नालों के तटीय तथा निचले इलाकों में संभावित निकासी और राहत व्यवस्था की समीक्षा तत्काल करने के निर्देश दिए गए हैं। राहत केंद्रों में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता और आवश्यक दवाओं की व्यवस्था रखी जाएगी। महिलाओं, बच्चों, वृद्धजनों और दिव्यांगजनों को राहत पहुंचाने में प्राथमिकता दी जाएगी। पटवारियों को अपने हल्के में उपस्थित रहने तथा किसी भी क्षति की स्थिति में राजस्व पुस्तक परिपत्र (आरबीसी) 6-4 के प्रकरण तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।
धान खरीदी केंद्रों और किसानों के लिए जरूरी व्यवस्था
खाद्य, विपणन और सहकारिता विभाग को धान उपार्जन केंद्रों में खुले में रखे धान को चबूतरों पर व्यवस्थित रखने और कैप कवर अथवा तिरपाल से पूरी तरह ढंकने के निर्देश दिए गए हैं। केंद्रों में पानी की निकासी की व्यवस्था की जाएगी। किसानों को भी सूचना दी जाएगी कि वे उपार्जन केंद्र में धान लाते समय उसे अच्छी तरह ढंककर लाएं। कृषि विभाग किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित एवं ऊंचे स्थान पर रखने की सलाह देगा। निचले क्षेत्रों में रखे पशुधन को भी सुरक्षित ऊंचे स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
बिजली, सड़क और जलाशयों की निगरानी
छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी (सीएसपीडीसीएल) को जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार समय रहते बिजली आपूर्ति अलग करने, बिजली लाइनों के पास की शाखाओं की छंटाई करने और आपातकालीन मरम्मत दल तैनात रखने को कहा गया है। अस्पतालों, पेयजल आपूर्ति और राहत केंद्रों की बिजली प्राथमिकता से बहाल की जाएगी।
लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को जेसीबी तथा पेड़ काटने के कटर तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। रपटों और पुलियों पर चेतावनी बोर्ड एवं बेरिकेडिंग लगाई जाएगी। जर्जर शासकीय भवनों का त्वरित निरीक्षण कर असुरक्षित भवनों को खाली कराया जाएगा।
जल संसाधन विभाग बांगो बांध, दर्री बराज और अन्य जलाशयों में आवक की लगातार निगरानी करेगा तथा आवश्यकता के अनुसार नियंत्रित डिस्चार्ज सुनिश्चित करेगा। जलाशयों के गेट खोलने से पर्याप्त समय पहले नियंत्रण कक्ष, संबंधित अनुविभागीय अधिकारी राजस्व और डाउनस्ट्रीम गांवों को सूचना देने के निर्देश दिए गए हैं।
स्वास्थ्य, नगरीय निकाय और राहत-बचाव दल तैयार
स्वास्थ्य विभाग को एंटी-स्नेक वेनम, ओआरएस और जल-जनित रोगों से बचाव की दवाओं का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा 108 और 102 एम्बुलेंस सहित मेडिकल टीमों को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए गए हैं। निचले इलाकों में प्रसव की संभावित तिथि वाली गर्भवती महिलाओं को समय रहते स्वास्थ्य केंद्रों में पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी।
नगर निगम और नगर पालिकाओं को नालों की तत्काल सफाई, डी-वॉटरिंग पंपों की तैनाती, खतरनाक पेड़ों की छंटाई और असुरक्षित होर्डिंग हटाने के निर्देश दिए गए हैं। वार्डवार मुनादी कराकर नागरिकों को सतर्क किया जाएगा। पुलिस, होमगार्ड और एसडीआरएफ को अलर्ट पर रहने, नाव, लाइफ जैकेट और गोताखोर तैयार रखने तथा उफनते रपटों और पुलों पर आवागमन रोकने के लिए कहा गया है।
शिक्षा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को जर्जर स्कूल कक्षों और आंगनबाड़ी भवनों का उपयोग नहीं करने तथा राहत केंद्र के रूप में चिन्हित स्कूलों को तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। आवश्यकता पड़ने पर अवकाश का प्रस्ताव तत्काल प्रस्तुत किया जाएगा। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग राहत केंद्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करेगा और ब्लीचिंग पाउडर एवं क्लोरीन का पर्याप्त स्टॉक रखेगा। वन विभाग सड़कों और बिजली लाइनों के पास स्थित कमजोर पेड़ों की छंटाई करेगा।
पर्यावरण संरक्षण मंडल, एसईसीएल, एनटीपीसी और छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी (सीएसपीजीसीएल) को राखड़ बांधों और ओवरबर्डन डंपों की सतत निगरानी करने तथा खदानों में डी-वॉटरिंग पंप चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
नागरिकों से सतर्क रहने की अपीलप्रभारी कलेक्टर ने नागरिकों से अपील की है कि मौसम संबंधी चेतावनियों पर ध्यान दें और नदी-नालों, रपटों तथा जलभराव वाले मार्गों से आवागमन न करें। तेज हवा और वर्षा के दौरान जर्जर मकानों, पेड़ों, बिजली के खंभों तथा तारों के पास न रुकें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचना दें और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें।



