धमतरी

असामयिक बारिश का अलर्ट! धान खरीदी केंद्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश, कलेक्टर बोले—धान को नहीं होना चाहिए नुकसान

धमतरी। जिले में असामयिक बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने धान खरीदी केंद्रों में भंडारित धान की सुरक्षा को लेकर अलर्ट जारी किया है। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले के सभी एसडीएम, धान खरीदी केंद्रों के लिए नियुक्त जिला स्तरीय नोडल अधिकारियों, जिला खाद्य अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों को धान के सुरक्षित रखरखाव के लिए सभी जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बेमौसम बारिश के कारण खुले में रखा धान खराब नहीं होना चाहिए। इसके लिए सभी धान उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त संख्या में केप कव्हर, तिरपाल और अन्य जरूरी सामग्री उपलब्ध रखी जाए।

उन्होंने कहा कि खरीदे गए धान की व्यवस्थित स्टैकिंग कर उसे अनिवार्य रूप से केप कव्हर से ढका जाए। साथ ही धान खरीदी केंद्रों में ड्रेनेज की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि बारिश का पानी जमा न हो और धान को किसी भी तरह का नुकसान न पहुंचे।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने एसडीएम से कहा कि वे धान उपार्जन केंद्र प्रभारियों और नोडल अधिकारियों की बैठक लेकर बारिश से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कराएं।

पहले होगा उठाव, तैयार होगी केंद्रों की सूची

कलेक्टर श्री मिश्रा ने ऐसे धान खरीदी केंद्रों की सूची तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं, जहां से धान का उठाव प्राथमिकता के आधार पर कराया जा सके। इसका उद्देश्य खुले में रखे धान को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थान तक पहुंचाना और संभावित बारिश से होने वाले नुकसान को रोकना है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बारिश की स्थिति में धान की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और सभी संबंधित अधिकारी खरीदी केंद्रों की व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखेंगे।

Related Articles

Back to top button