छत्तीसगढ़

CG- प्रेम संबंध बना खूनी दुश्मनी की वजह! गमछे से चेहरा ढककर पहुंचे पिता-पुत्र, एक ही परिवार के 5 लोगों पर चाकू से हमला….

डेस्क : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बेटी के लव मैरिज करने से नाराज पिता अपने बेटे के साथ चेहरे पर गमछा बांधकर उसके घर में घुस गया। दोनों ने बेटी-दामाद पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। बीच-बचाव करने पहुंचे दामाद के माता-पिता और बहन पर भी हमला कर दिया।

इस घटना में बेटी-दामाद समेत परिवार के 5 लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस फरार पिता-पुत्र की तलाश कर रही है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।

दरअसल, मंगला के धुरीपारा में रहने वाले शाहिद अली पेशे से ड्राइवर हैं। उनका बेटा समीर अली एक निजी दूध कंपनी में काम करता है।

समीर ने करीब एक साल पहले मोहल्ले में रहने वाली बलराम कश्यप की बेटी से प्रेम विवाह किया था। इस शादी से युवती के परिजन नाराज थे। उन्हें यह रिश्ता मंजूर नहीं था।

चेहरे पर गमछा बांधकर घर में घुसे पिता-बेटे

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार रात समीर अपनी पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ घर पर था। इसी दौरान उसका ससुर बलराम कश्यप अपने बेटे के साथ वहां पहुंचा।

पहचान छिपाने के लिए बलराम ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। घर में घुसते ही दोनों ने समीर और अपनी बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला।

बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी किया हमला

हमले के दौरान बेटी के चीखने की आवाज सुनकर समीर की मां शाइस्ता, पिता शाहिद और बहन बीच-बचाव करने पहुंचे। आरोपियों ने उन पर भी चाकू से वार कर दिए।

हमले में बेटी-दामाद समेत पांच लोग घायल हो गए। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

ASP पहुंचे अस्पताल, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को इलाज के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। एएसपी पंकज पटेल समेत अन्य पुलिस अधिकारी भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।

एएसपी ने फरार पिता-पुत्र को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं।

पपीते को लेकर विवाद, सब्जी व्यापारी पर चाकू से हमला

बिलासपुर के बुधवारी बाजार में पपीते को लेकर दो सब्जी व्यापारियों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि एक व्यापारी ने दूसरे पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में व्यापारी की छाती और बाएं हाथ में चोट आई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीला पपीता बताकर कैरेट लेने से किया इनकार

इधर, सिरगिट्टी के नयापारा निवासी विश्वकर्मा बुधवारी बाजार में सब्जी बेचता है। उसने पुलिस को बताया कि बाजार के ही व्यापारी कुनाल साहू ने शनिचरी बाजार से ऑटो के जरिए दो कैरेट पपीते मंगवाए थे।

गुरुवार सुबह करीब 11:20 बजे वह दो कैरेट पपीते लेकर कुनाल की दुकान पहुंचा। इस दौरान कुनाल ने पपीते पीले होने की बात कहकर उन्हें अपना मानने से इनकार कर दिया।

गाली देने से मना किया तो चाकू से किया हमला

इसी बात पर कुनाल गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने जान से मारने की धमकी दी और दुकान में रखे धारदार चाकू से हमला कर दिया।

इससे व्यापारी की छाती और बाएं हाथ में चोट आई। मौके पर मौजूद शुभम देवांगन और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

Related Articles

Back to top button