छत्तीसगढ़

CG- एक पल में उजड़ा परिवार : मां समेत दो बच्चों की संदिग्ध मौत, खाने में जहर मिलाने की आशंका, इलाके में फैली सनसनी…..

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि महिला ने पहले अपने दोनों बच्चों को जहर दिया और फिर खुद भी जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। इस घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और लोग स्तब्ध हैं।

जानकारी के अनुसार, घटना गिरौदपुरी चौकी क्षेत्र के सुकली गांव की है। मृतकों की पहचान युक्ति मानिकपुरी (28 वर्ष), उनके दो बच्चों चिराग दास मानिकपुरी (10 वर्ष) और दिव्यांश मानिकपुरी (5 वर्ष) के रूप में हुई है।

दरअसल, देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक ही परिवार के तीन सदस्य अचेत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही 112 की टीम मौके पर पहुंची और 108 एंबुलेंस की मदद से तीनों को कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खोमन सिन्हा के मुताबिक, प्रथम दृष्टया मामला जहरीले पदार्थ के सेवन से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। परिजनों ने आशंका जताई है कि महिला ने बच्चों को खाने में जहरीला पदार्थ मिलाकर दिया और बाद में खुद भी उसका सेवन कर लिया।

फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

Related Articles

Back to top button