छत्तीसगढ़

CG- पिकनिक मनाने निकले थे, जंगल में सज गई जुए की महफिल! स्कूल प्रिंसिपल और एल्डरमैन समेत 6 गिरफ्तार…..

कोरबा। बच्चों को शिक्षा और अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले एक स्कूल प्रिंसिपल का नाम जुए के मामले में सामने आने से चर्चा तेज हो गई है। मामला जिले के उरगा थाना क्षेत्र का है, जहां पुलिस ने पिकनिक की आड़ में जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में स्कूल प्रिंसिपल शशिकांत दुबे और बाराद्वार नगर पालिका के एल्डरमैन रविंद्र खाण्डे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि सभी आरोपी जांजगीर-चांपा जिले के बाराद्वार क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने जुआ खेलने के आरोप में सभी के खिलाफ कार्रवाई की है।

पुलिस के मुताबिक, उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम पहाड़गांव में कुछ लोग पिकनिक मनाने के बहाने एकत्र हुए थे। इसी दौरान वहां जुआ खेले जाने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए छह लोगों को पकड़ लिया। यह कार्रवाई दोपहर करीब 2:20 बजे की बताई गई है।

इस मामले में सबसे ज्यादा चर्चा स्कूल प्रिंसिपल शशिकांत दुबे की गिरफ्तारी को लेकर हो रही है। पुलिस के अनुसार, शशिकांत दुबे (56) पेशे से शिक्षक और प्रिंसिपल हैं। वहीं, गिरफ्तार रविंद्र खाण्डे (26) बाराद्वार नगर पालिका में एल्डरमैन बताए गए हैं। उनके जिला युवा मोर्चा में पदाधिकारी होने की जानकारी भी सामने आई है।

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अभिषेक उर्फ गज्जू ठाकुर (46), शशिकांत दुबे (56), ज्योतिष वैष्णव (51), रविंद्र खाण्डे (26), दीपक कुमार बंसल (26) और आशुतोष राय (33) के रूप में की है।

मौके से पुलिस ने नकदी और ताश की पत्ती जब्त की है। उप निरीक्षक नवीन पटेल की रिपोर्ट पर उरगा थाने में अपराध क्रमांक 641/2026 के तहत जुआ एक्ट में अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले पसान थाना क्षेत्र में भी पुलिस ने जुआ खेलते हुए एक सरपंच और एक शिक्षक को गिरफ्तार किया था। अब उरगा क्षेत्र के मामले में स्कूल प्रिंसिपल का नाम सामने आने के बाद शिक्षण पेशे से जुड़े लोगों की भूमिका को लेकर चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Back to top button