CG ब्रेकिंग : CM विष्णुदेव साय का बड़ा ऐलान, धान की फसल बर्बाद होने पर मिलेगा मुआवजा….

रायपुर। उड़ीसा के तट से टकराए चक्रवात का असर अब छत्तीसगढ़ में देखने को मिला है। प्रदेश के कई जिलों में आज भारी के साथ तेज हवाएं भी चल रही है। इसका सबसे बड़ा असर किसानों पर हुआ है। बारिश और तेज हवाओं के चलते खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है। जिसको लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है। वहीं, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को भरोसा दिलाया है कि उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। सरकार नुकसान की भरपाई के लिए हर जरूरी कदम उठाएगी।
किसानों को मिलेगा मुआवजा
किसानों की चिंता को देखते हुए सीएम साय ने बारिश से फसलों को हुए नुकसान को लेकर सभी जिलों के कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में फसल नुकसान का आकलन करने के लिए कहा गया है। सीएम ने स्पष्ट किया कि जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है, उन्हें राजस्व पुस्तक परिपत्र (RBC) 6-4 के तहत मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पहले भी चक्रवात का असर देखने को मिला है और इस बार भी सरकार किसानों के साथ खड़ी है।
सरकार ने कलेक्टरों को दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने किसानों को भरोसा दिलाया कि प्राकृतिक आपदा के कारण होने वाले नुकसान में सरकार उनकी मदद करेगी। सभी जिलों के कलेक्टरों को स्थिति पर नजर रखने और प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत दिलाने के निर्देश दिए गए हैं।
बस्तर संभाग के कई जिलों बारिश की संभावना
उड़ीसा के तट से टकराए चक्रवात का असर बस्तर में भी दिखाई देने लगा है आसमान में काले बादल छाए हुए हैं हालांकि चक्रवात का रास्ता बदलने से बस्तर में इसका कर कम दिखाई देगा, लेकिन मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के कई जिलों में आज और कल हल्की बारिश होने की संभावना जताई है।
चक्रवाती तूफान अब छग में किसानों के लिए बड़ी मुसीबत बनते जा रहे हैं। पहले चक्रवाती तूफान अर्नब की वजह से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा और अब चक्रवाती तूफान अकवान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। दरअसल प्रदेश में अकवान का असर साफ तौर पर दिखाई देने लगा है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं राजधानी रायपुर में बीती रात से ही बारिश का दौर जारी है। एक तरफ प्रदेश में धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है तो दूसरी तरफ बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
खेतों में धान की फसल पूरी तरह पककर कटाई के लिए तैयार है। लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते खड़ी फसल भीग गई है। ऐसे में किसानों के सामने अब फसल को सुरक्षित निकालने की चुनौती खड़ी हो गई है। सबसे बड़ी चिंता उन किसानों को सता रही है, जिन्होंने धान खरीदी के लिए टोकन भी कटवा लिया है। किसानों का कहना है कि बारिश के कारण खेतों में नमी बढ़ गई है। फसल की कटाई और उसे सुखाने में अब अतिरिक्त समय लगेगा। ऐसे में टोकन की निर्धारित तारीख निकलने का डर सता रहा है।
किसानों को आशंका है कि अगर समय पर फसल की कटाई नहीं हो पाई तो वे निर्धारित तारीख पर धान बेचने से चूक सकते हैं। किसानों ने सरकार से इस मुश्किल वक्त में सहयोग कर राहत देने की मांग की है। राजधानी रायपुर से लगे सोनपैरी गांव में भी कुछ ऐसे ही हालात देखने को मिले। जहां खेतों में पककर तैयार धान की फसल बारिश की मार झेल रही है।



