छत्तीसगढ़

CG High Court ब्रेकिंग : शोएब ढेबर को बड़ी राहत, दोबारा गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट की रोक; इस तारीख को होगी अगली सुनवाई….

बिलासपुर। रंगदारी के मामले में शोएब ढेबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा से कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में हाईकोर्ट ने उनकी दोबारा गिरफ्तारी पर फिलहाल रोक लगा दी है। जस्टिस पी.पी. साहू की एकलपीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए अगली सुनवाई तक यह अंतरिम राहत दी है। अब इस मामले में 27 नवंबर 2026 को अगली सुनवाई होगी। हाईकोर्ट के इस आदेश से फिलहाल शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी का रास्ता रुक गया है।

दरअसल, रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज इस मामले में शोएब ढेबर की गिरफ्तारी को लेकर कानूनी प्रक्रिया पर सवाल उठाए गए हैं। बचाव पक्ष के वकीलों ने हाईकोर्ट में दलील दी कि 27 सितंबर 2026 को गिरफ्तारी के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 50 और 36 के तहत निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं किया गया था। इसके बाद रिमांड मजिस्ट्रेट ने शोएब को रिहा कर दिया था। बचाव पक्ष ने दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति देने से पहले अपना पक्ष रखने का अवसर दिए जाने की मांग की। हाईकोर्ट ने प्रथम दृष्टया पाया कि मजिस्ट्रेट ने पुलिस के आवेदन पर सुनवाई किए बिना और उसका रिकॉर्ड दर्ज किए बिना दोबारा गिरफ्तारी की अनुमति दे दी थी। वहीं राज्य सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन किए जाने की बात कही गई और जवाब पेश करने के लिए एक सप्ताह का समय मांगा गया। इसके बाद कोर्ट ने अगली सुनवाई तक शोएब ढेबर की दोबारा गिरफ्तारी पर अंतरिम रोक लगा दी।

एफआईआर के मुताबिक, कांग्रेस नेता आनंदमल कुकरेजा को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप संदेश भेजकर कथित तौर पर 25 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। इस मामले में शोएब ढेबर को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने उनकी गिरफ्तारी पर इनाम भी घोषित किया था। फिलहाल हाईकोर्ट के अंतरिम आदेश से उन्हें राहत मिली है, लेकिन मामले में गिरफ्तारी की वैधता और पुलिस की दोबारा गिरफ्तारी की प्रक्रिया को लेकर सुनवाई जारी रहेगी। 27 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई पर सभी की नजरें रहेंगी।

Related Articles

Back to top button