घर में छिपाकर रखी थी 21 लीटर कच्ची महुआ शराब, पुलिस ने मारा छापा; आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजा गया..!

धमतरी। जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ धमतरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत थाना अकला डोंगरी पुलिस ने ग्राम कोहका में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर से 21 लीटर हाथ भट्टी निर्मित कच्ची महुआ शराब बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट मिलने के बाद उसे जेल दाखिल कराया गया।
पुलिस अधीक्षक धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 20 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से ग्राम कोहका में अवैध शराब रखे जाने की सूचना मिली थी।
घर में दबिश देकर बरामद की 21 लीटर शराब
मुखबिर की सूचना के आधार पर थाना अकला डोंगरी पुलिस ने ग्राम कोहका निवासी भारत लाल मंडावी के घर पर विधिवत दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से हाथ भट्टी द्वारा निर्मित कुल 21 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब को विधिवत जब्त कर लिया।
आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज
मामले में थाना अकला डोंगरी में अपराध क्रमांक 07/2026 दर्ज करते हुए आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। कार्रवाई के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया। न्यायालय से जेल वारंट प्राप्त होने पर आरोपी को जेल दाखिल करा दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी…भारत लाल मंडावी, पिता लहर सिंह मंडावी, उम्र 57 वर्ष, निवासी ग्राम कोहका, थाना अकला डोंगरी, जिला धमतरी।
अवैध शराब की सूचना पुलिस को देने की अपील
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि जिले में कहीं भी अवैध शराब का निर्माण, बिक्री, परिवहन या भंडारण होने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
धमतरी पुलिस का संदेश—अवैध गतिविधियों के खिलाफ सतत कार्रवाई, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का संकल्प।