अन्य ख़बरें

चक्रवात के कारण हो रही बेमौसम बारिश से मस्तूरी क्षेत्र के किसानों के माथे पर चिंता की गहरी लकीर, खेत में कटी और खड़ी धान दोनों पर संकट पढ़े पूरी ख़बर

मस्तूरी// चक्रवात अकवान के कारण हो रही बेमौसम बारिश ने मस्तूरी क्षेत्र के किसानों के माथे पर चिंता की गहरी लकीर खींच दी है। पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश और बादल छाए रहने से धान की कटाई, मिंजाई और खरीदी, तीनों ही काम बुरी तरह प्रभावित हो गए हैं।

मस्तूरी क्षेत्र में इस समय धान की फसल पककर तैयार खड़ी है। कई गांवों में किसान कटाई कर चुके हैं और धान खेत और खलिहान में रखा हुआ है। अचानक हुई बारिश से खेत में रखा धान भीग गया है। खलिहान में रखे धान को बचाने के लिए किसान तिरपाल और पॉलीथिन से ढकने में जुटे हैं। खेतों में पानी भर जाने से कटाई का काम पूरी तरह रुक गया है।

किसानों का कहना है कि एक तरफ पहले चक्रवात अर्नब के कारण बारिश हुई थी, खेत अभी सूखे ही थे कि अब अकवान ने फिर मौसम बिगाड़ दिया। अगर बारिश का सिलसिला ऐसे ही जारी रहा तो महीनों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। भीगे धान में नमी बढ़ने से उसकी गुणवत्ता, रंग और वजन पर असर पड़ेगा। इससे समर्थन मूल्य पर धान बेचने में भी परेशानी हो सकती है।

खरीदी केंद्रों पर भी संकट…

मस्तूरी क्षेत्र में 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू हो चुकी है। मस्तूरी, एरमसाही जयरामनगर, रिस्दा, कुकुर्दीकला सहित कई समितियों में खरीदी चल रही है। बारिश के कारण खरीदी केंद्रों पर रखे धान को बचाना बड़ी चुनौती बन गया है। समितियों में तिरपाल और कैप कवर से धान को ढकने की कवायद तेज कर दी गई है। कई किसानों के टोकन कट चुके हैं, लेकिन कटाई में देरी और नमी के कारण वे समय पर धान नहीं पहुंचा पा रहे हैं।

मौसम विभाग का अलर्ट…

मौसम विभाग के अनुसार चक्रवात अकवान ओडिशा तट से टकराने के बाद कमजोर होकर डीप डिप्रेशन में बदल गया है, लेकिन इसका असर छत्तीसगढ़ में बना हुआ है। बिलासपुर संभाग सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी है। 22 से 25 नवंबर तक भी कुछ जगहों पर बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तापमान में गिरावट से ठंड भी बढ़ गई है।

रबी के लिए थोड़ी राहत, खरीफ के लिए नुकसान
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यह बारिश रबी की खेती के लिए फायदेमंद हो सकती है, क्योंकि मिट्टी में नमी बनी रहेगी और गेहूं, चना, सरसों की बुवाई में मदद मिलेगी। लेकिन खरीफ की तैयार फसल के लिए यही बारिश नुकसानदायक साबित हो रही है। खड़ी फसल में तेज हवा से बालियां गिरने का खतरा है, वहीं कटी फसल के सड़ने का डर है। सब्जी की फसलों में पानी भरने से फसल खराब होने और कीट लगने की आशंका भी बढ़ गई है।

सरकार ने दिया मदद का भरोसा…

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों को हर संभव मदद का भरोसा दिया है और सभी जिला कलेक्टरों को फसल नुकसान का सर्वे कराने के निर्देश दिए हैं। सर्वे के आधार पर प्रभावित किसानों को नियमों के अनुसार आर्थिक सहायता दी जाएगी।

किसानों को क्या करना चाहिए
कृषि विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि कटी हुई फसल को ऊंचे और सुरक्षित स्थान पर रखें, तिरपाल से अच्छी तरह ढक कर रखें, खेत में पानी भरने पर निकासी की व्यवस्था करें और तेज हवा या बिजली गिरने के समय खेत में न जाएं।

फसल बीमा वाले किसानों को नुकसान की सूचना 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक हेल्पलाइन 14447 पर, कृषि रक्षक पोर्टल या क्रॉप इंश्योरेंस मोबाइल ऐप पर देनी होगी। शिकायत के बाद 10 दिनों के भीतर सर्वे होगा। कटाई के बाद खेत में रखी फसल को 14 दिनों तक बीमा सुरक्षा का लाभ मिल सकता है।

मस्तूरी के किसान अब आसमान की ओर टकटकी लगाए देख रहे हैं। उनकी एक ही प्रार्थना है कि बारिश जल्द थमे, ताकि वे अपनी फसल को सुरक्षित कर सकें और खरीदी केंद्रों तक पहुंचा सकें।

Related Articles

Back to top button