साइबर ठगों की चाल नहीं चलेगी,जामपानी में पुलिस का जागरूकता वार, नशे और अपराध के खिलाफ महिला कमांडो भी मैदान में..

धमतरी…. पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय एवं विश्वास कायम करने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस द्वारा सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में थाना बोराई क्षेत्र के ग्राम जामपानी के ग्रामीणों के लिए थाना परिसर में जागरूकता बैठक आयोजित की गई।
एसपी धमतरी श्रीमती भावना पांडेय के निर्देशन में आयोजित इस बैठक में महिला कमांडो, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराध, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया।
साइबर ठगी से बचने दिए जरूरी टिप्स..
बैठक में ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी के बढ़ते मामलों से सतर्क रहने की समझाइश दी गई। पुलिस ने अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक और फर्जी संदेशों से सावधान रहने तथा किसी भी व्यक्ति के साथ OTP, बैंकिंग डिटेल या अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की अपील की। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी गई।
हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर भी किया जागरूक
पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर ग्रामीणों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने और शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की गई।
महिला सुरक्षा और नशामुक्ति पर भी जोर
बैठक में महिला सुरक्षा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा घरेलू हिंसा, उत्पीड़न या किसी अन्य अपराध की स्थिति में बिना डर के पुलिस को सूचना देने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं महिला कमांडो को गांव में महिला सुरक्षा, नशामुक्ति, सामाजिक कुरीतियों और असामाजिक गतिविधियों की रोकथाम में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पुलिस ने ग्रामीणों से गांव को नशामुक्त और स्वच्छ बनाने में सामूहिक सहभागिता की अपील की।
पुलिस-जनता के बीच मजबूत होगा भरोसा
धमतरी पुलिस ने कहा कि सुरक्षित समाज के निर्माण के लिए पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और सहभागिता बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सामुदायिक पुलिसिंग के तहत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन को अपराधों से बचाव के प्रति सजग करने के साथ-साथ सुरक्षित, जागरूक, नशामुक्त एवं स्वच्छ समाज का निर्माण किया जा सके।