CG- ACB की बड़ी कार्रवाई : ACB ने असिस्टेंट कमिश्नर को 1.50 लाख लेते रंगे हाथ पकड़ा, घर पर भी मारा छापा, मचा हड़कंप…..

रायपुर। रिश्वतखोरी के मामले में एसीबी जगदलपुर ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपये रिश्वत लेते पकड़ा है। इस मामले में इमरान मेमन की भी संलिप्तता सामने आई है, जो पूरे प्रकरण में मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा था।
जानिए पूरा मामला
प्रार्थी शोएब रंगरेज, निवासी कांकेर (छ.ग.) द्वारा एंटी करप्शन ब्यूरो में शिकायत की गई थी कि कांकेर में पदस्थ सहायक आयुक्त स्टेट GST विभाग अंचला गिरी द्वारा उसके वाहन को ई-वे बिल के संबंध में रोके जाने के पश्चात वाहन को रिलीज कराने व प्रकरण में राहत प्रदान करने के एवज में रिश्वत की मांग की जा रही है। आरोपी अधिकारी द्वारा उक्त कार्यवाही के निराकरण के लिए प्रार्थी से 1.50 लाख तक की रिश्वत की मांग की जा रही थी। प्रार्थी रिश्वत नहीं देना चाहता था, बल्कि आरोपी अधिकारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़वाना चाहता था।
शिकायत का सत्यापन कराए जाने पर रिश्वत की मांग संबंधी तथ्य सही पाए जाने पर आज एंटी करप्शन ब्यूरो, जगदलपुर द्वारा ट्रैप कार्रवाई आयोजित की गई। ट्रैप कार्रवाई के दौरान आरोपी सहायक आयुक्त अंचला गिरी को उसके निवास पर 1,50,000 (एक लाख पचास हजार रुपये) की रिश्वत राशि के साथ पकड़ा गया। उक्त रिश्वत राशि आरोपी अधिकारी द्वारा मध्यस्थ इमरान मेमन के माध्यम से प्राप्त की गई थी।
इस प्रकरण में मध्यस्थ के रूप में संलिप्त इमरान मेमन, पिता इदरीश मेमन, 30 वर्ष, निवासी संजयनगर, कांकेर की भूमिका भी सामने आई है। ट्रैप कार्रवाई के पश्चात आरोपी अधिकारी अंचला गिरी के निवास पर आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के संदेह में एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा तलाशी (रेड) की कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान संपत्ति एवं अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की जा रही है।
आरोपी अंचला गिरी एवम इमरान मेमन के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित अधिनियम, 2018) की धारा 7 एवं 12 के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आय से अधिक संपत्ति के संबंध में भी नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। प्रकरण में अग्रिम विवेचना जारी है।



