
छत्तीसगढ़ धमतरी नगरी। धमतरी जिले के नगरी ब्लॉक मुख्यालय में चंगाई प्रार्थना सभा को लेकर रविवार को विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। नगर के वार्ड क्रमांक 12 में आयोजित प्रार्थना सभा की सूचना मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच सहित विभिन्न हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और आयोजन को लेकर विरोध दर्ज कराया।
विरोध कर रहे संगठनों ने प्रार्थना सभा की आड़ में कथित धर्मांतरण गतिविधियां संचालित किए जाने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने एक पास्टर पर भगवान श्रीराम के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी करने का आरोप भी लगाया और संबंधित मामले की जांच की मांग उठाई।
मामला बढ़ने पर संगठन के कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम, एसडीओपी सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से चर्चा कर स्थिति को शांत कराने का प्रयास किया

कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी
हिंदू संगठनों ने कहा कि धार्मिक आयोजनों की आड़ में यदि किसी प्रकार की अवैध गतिविधि या धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां संचालित होती हैं तो उसका विरोध किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोष पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
संगठनों की ओर से यह भी चेतावनी दी गई कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में आंदोलन तेज करने के साथ नगरी बंद का आह्वान किया जा सकता है।
लिखित शिकायत के बाद होगी जांच
मामले को लेकर पुलिस सीएसपी मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रार्थना सभा को लेकर विवाद और विरोध प्रदर्शन की सूचना मिली है। संगठन के लोगों से पूरे मामले के संबंध में लिखित शिकायत प्रस्तुत करने को कहा गया है। शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच की जाएगी। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस एवं प्रशासन की ओर से मामले में शिकायत और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।