CG – 41 दिन बाद खत्म हुई पटवारियों की हड़ताल, मुख्यमंत्री साय की अपील और मुलाकात के बाद काम पर लौटेंगे पटवारी पढ़े पूरी ख़बर
बिलासपुर//छत्तीसगढ़ में पिछले 41 दिनों से चल रही पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आखिरकार स्थगित हो गई है। रविवार को मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात के बाद राजस्व पटवारी संघ ने हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी। इससे प्रदेशभर में ठप पड़े राजस्व कार्यों के फिर से शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है।
13 अक्टूबर से चल रही थी हड़ताल…
पटवारी 13 अक्टूबर 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर थे। उनकी मुख्य मांग पीवी ऐप की तकनीकी और व्यावहारिक खामियों को दूर करने की थी। संघ का कहना था कि ऐप में आ रही दिक्कतों के कारण मैदानी स्तर पर काम करने में भारी परेशानी हो रही है।
इसके अलावा वेतन विसंगति दूर करना और लंबे समय से लंबित पदोन्नति की मांग भी प्रमुख थी। पटवारी रायपुर के तूता धरना स्थल पर लगातार प्रदर्शन कर रहे थे।
मुख्यमंत्री साय की अपील – पहले काम पर लौटें, फिर होगा संवाद…
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 19 नवंबर को बलौदाबाजार जिले के सुहेला प्रवास के दौरान पटवारियों से काम पर लौटने की अपील की थी। उन्होंने कहा था कि सरकार बातचीत के लिए पूरी तरह तैयार है, जायज मांगों पर सकारात्मक विचार किया जाएगा, लेकिन इसके लिए पटवारियों को पहले काम पर लौटना होगा।
मुख्यमंत्री ने भावनात्मक अपील करते हुए कहा था कि पटवारी भी किसी न किसी किसान परिवार से आते हैं। वे भी किसी परिवार के बेटे और भाई हैं, ऐसे में उन्हें किसानों की परेशानियों को समझना चाहिए। धान खरीदी का काम चल रहा है, ऐसे में उनका काम पर लौटना जरूरी है।
उन्होंने यह भी कहा था कि हड़ताल के दौरान हुई कार्रवाई पर सरकार सहानुभूतिपूर्वक विचार करेगी।
मुख्यमंत्री निवास में हुई निर्णायक मुलाकात…
रविवार को मुख्यमंत्री निवास में राजस्व पटवारी संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री साय से मुलाकात की। इस दौरान संघ के प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप ने चार सूत्रीय मांगों पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला विशेष रूप से मौजूद रहे। संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष भागवत कश्यप, कार्यकारी अध्यक्ष ज्योतिष सर्वे, कोषाध्यक्ष प्रमोद टंडन, महामंत्री सतीश चंद्राकर, उपाध्यक्ष आलोक तिवारी समेत अन्य पदाधिकारी शामिल हुए।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि –
1. हड़ताल अवधि में पटवारियों पर की गई प्रशासनिक कार्रवाइयों को निरस्त करने के लिए सभी कलेक्टरों को निर्देशित किया जाएगा।
2. वेतन विसंगति और पदोन्नति के मामलों पर तत्काल कमेटी बनाकर कार्रवाई की जाएगी।
3. वेतन और प्रमोशन संबंधी मांगों पर एक उच्चस्तरीय समिति गठित की जाएगी, जो पटवारियों से भी सुझाव लेकर सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। 3f3d5ef8
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटवारी संघ ने हड़ताल समाप्त करने का वादा किया है, इसका हम स्वागत करते हैं।
संघ की चार प्रमुख मांगें…
हड़ताल स्थगित करने के साथ ही संघ ने सरकार के सामने चार मांगें रखी हैं –
1 कार्रवाई शून्य हो आंदोलन के दौरान निलंबन, ब्रेक इन सर्विस, स्थानांतरण, कारण बताओ नोटिस जैसी दमनात्मक कार्रवाइयों को शून्य किया जाए।
2 हड़ताल अवधि का वेतन पूरी अवधि को कार्य दिवस मानकर नियमित वेतन दिया जाए।
3 वेतन विसंगति और पदोन्नति इस पर तत्काल निर्णय लेकर आदेश जारी किया जाए।
4 जनदर्शन सेवा कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए ऑनलाइन मुख्यमंत्री जनदर्शन सेवा शुरू की जाए।
संघ के पत्र में कहा गया है कि संघ अपनी शर्तों के साथ हड़ताल स्थगित कर रहा है।
हड़ताल के दौरान कितनी कार्रवाई हुई?
हड़ताल के दौरान सरकार ने सख्त रुख भी अपनाया था। खबरों के अनुसार करीब 200 पटवारी सस्पेंड किए गए, करीब 3000 पटवारियों को कारण बताओ नोटिस जारी हुआ और 50 पटवारियों पर ब्रेक इन सर्विस की कार्रवाई हुई थी। बिलासपुर में 229 पटवारियों को काम पर लौटने का नोटिस भी जारी किया गया था।
हड़ताल से आम जनता को क्या-क्या झेलना पड़ा?
41 दिनों की हड़ताल से प्रदेशभर में राजस्व विभाग की सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं।
– जमीन की खरीद-बिक्री, नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा और गिरदावरी से जुड़े हजारों मामले लंबित हो गए।
– आय, जाति व निवास प्रमाणपत्रों के लिए जरूरी पटवारी प्रतिवेदन नहीं बन पाने से विद्यार्थी और नागरिक तहसील कार्यालयों के चक्कर काटने को मजबूर हुए।
– धान खरीदी और चक्रवात के कारण फसलों के नुकसान के आकलन का काम भी प्रभावित हुआ।
अब पटवारियों के काम पर लौटने से इन लंबित मामलों के तेजी से निपटने की उम्मीद है।
कब से शुरू होगा काम?
संघ ने 22 नवंबर को ही हड़ताल स्थगित करने की घोषणा कर दी है। यानी सोमवार, 23 नवंबर से पटवारी अपने-अपने हल्कों में काम पर लौटेंगे। मुख्यमंत्री ने भी कहा है कि प्रदेशभर में धान खरीदी चल रही है और फसलों का आकलन किया जाना है, ऐसे में पटवारियों का काम पर लौटना जरूरी है।
हालांकि संघ ने साफ किया है कि यह हड़ताल समाप्त नहीं, स्थगित हुई है। अगर कमेटी की रिपोर्ट और मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन फिर से शुरू हो सकता है।




