CG News : छत्तीसगढ़ के इस गांव में पास्टर, फादर और सिस्टर की एंट्री पर लगी रोक, लगाए गए साइन बोर्ड, ग्रामीणों ने इस वजह से लिया फैसला…..

जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आदिवासी परंपराओं और धार्मिक गतिविधियों को लेकर नया विवाद सामने आया है। मनोरा जनपद पंचायत की चार ग्राम पंचायतों सोगड़ा, चड़िया, केसरा और डूमरटोली में विशेष ग्रामसभाओं के प्रस्ताव के बाद गांवों में सूचना बोर्ड लगाए गए हैं। इन बोर्डों के जरिए ईसाई धर्म प्रचारकों, पादरियों और पास्टरों के प्रवेश पर प्रतिबंध की जानकारी दी गई है। बोर्ड लगाए जाने के बाद इलाके में इस मुद्दे को लेकर बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इसे पारंपरिक रीति-रिवाजों और सामुदायिक व्यवस्था से जोड़कर देख रहे हैं, तो वहीं इस फैसले को लेकर विरोध और समर्थन में अलग-अलग प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।
ग्रामसभाओं के इस कदम का समर्थन कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट परंपराएं, देवी-देवता और पूजा पद्धतियां हैं, जिनसे गांव की सामुदायिक व्यवस्था और आपसी जुड़ाव कायम रहता है। ग्रामीण कीनाराम के अनुसार, धर्म परिवर्तन के बाद कुछ लोगों के पारंपरिक पूजा पद्धति और सामाजिक रीति-रिवाजों से दूरी बनाने पर कई बार गांव में मतभेद और विवाद की स्थिति बनती है। पूर्व पार्षद एवं उरांव आदिवासी समाज के संतन भगत ने कहा कि विशेष ग्रामसभा का मुख्य उद्देश्य परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता को सुरक्षित रखना है। उनके मुताबिक, निर्णय का उल्लंघन होने पर प्रशासन को सूचित कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की जाएगी।
बताया जा रहा है कि जिले की सैकड़ों ग्राम पंचायतों में भी ऐसे सूचना बोर्ड लगाने की तैयारी की जा रही है। वनवासी कल्याण आश्रम के मैनेजर राम ने कहा कि आश्रम में हुई बैठक के बाद ग्रामीणों ने यह निर्णय लिया है। दूसरी ओर, ईसाई आदिवासी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष अनिल किस्पोट्टा ने इस फैसले पर आपत्ति जताते हुए कहा कि धर्मांतरण पर चर्चा जागरूकता के साथ होनी चाहिए और इससे सामाजिक द्वेष नहीं फैलना चाहिए।
जशपुर जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत ने बताया कि सोगड़ा, चड़िया, केसरा और डूमरटोली में विशेष ग्रामसभा आयोजित कर आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाज, पारंपरिक आस्था और सामाजिक एकजुटता पर विचार किया गया। उन्होंने कहा कि पेसा अधिनियम 1996 के तहत ग्रामसभा के अधिकारों और जिम्मेदारियों पर चर्चा के बाद पादरी व पास्टरों के प्रवेश पर रोक का प्रस्ताव पारित किया गया।
जशपुर एसडीएम ओमकार सिंह ने कहा कि ग्राम पंचायतें स्वायत्त निकाय हैं, लेकिन बोर्ड में नोटिस लगाने की घटना उनकी जानकारी में नहीं है और इस विषय में जानकारी ली जाएगी।



