13 लाख का इनाम, वर्षों तक माओवादी संगठन में सक्रिय…अब दोनों ने छोड़ी हिंसा, बीजापुर पुलिस के सामने किया आत्मसमर्पण..!

एक CyPCM और एक ACM रैंक का माओवादी शामिल, नक्सल संगठन की हिंसक विचारधारा छोड़ मुख्यधारा में लौटने का लिया फैसला
छत्तीसगढ़ बीजापुर। नक्सल विरोधी अभियान के बीच बीजापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। उड़ीसा राज्य में सक्रिय दो माओवादी कैडरों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पण करने वाले दोनों कैडरों पर कुल 13 लाख रुपये का इनाम घोषित था। इनमें एक CyPCM और एक ACM रैंक का माओवादी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति, सुरक्षा बलों के लगातार अभियानों तथा पुनर्वास और कौशल विकास कार्यक्रमों से प्रभावित होकर दोनों कैडरों ने संगठन छोड़कर समाज की मुख्यधारा में शामिल होने का निर्णय लिया। इस आत्मसमर्पण में जिला पुलिस, डीआरजी, कोबरा और सीआरपीएफ के संयुक्त प्रयास महत्वपूर्ण रहे।
सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभाव से बदली सोच
पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा बलों के बढ़ते प्रभाव, माओवादी संगठन की कमजोर होती स्थिति, हिंसक विचारधारा से मोहभंग, पूर्व माओवादी कैडरों के सफल पुनर्वास और क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर दोनों ने हथियार छोड़ने का फैसला किया।
आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान नागमणी कुड़मे उर्फ शीला और गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू के रूप में हुई है।
8 लाख की इनामी CyPCM नागमणी ने छोड़ा संगठन
नागमणी कुड़मे उर्फ शीला, उम्र 32 वर्ष, बीजापुर जिले के चिपुरभट्टी की निवासी है। पुलिस के अनुसार वह ओडिशा राज्य के बटालियन नंबर-08 में CyPCM पद पर सक्रिय थी और उस पर 8 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक नागमणी वर्ष 2006-07 में PLGA सदस्य के रूप में माओवादी संगठन में शामिल हुई थी। इसके बाद वर्ष 2009 में ACM, वर्ष 2016 में DVCM और वर्ष 2021 में ओडिशा राज्य के कंपनी नंबर-08, KKB(N) क्षेत्र में CyPC पद पर कार्यरत रही।
पुलिस के अनुसार, वह छत्तीसगढ़ और ओडिशा के विभिन्न क्षेत्रों में कई माओवादी घटनाओं एवं मुठभेड़ों में शामिल रही। पुलिस ने वर्ष 2011 की तिमापुर/चिंतलनार घटना, वर्ष 2022 की दड़ाईपानी और ओड क्षेत्र की मुठभेड़ों तथा वर्ष 2024 की पाडेल मुठभेड़ में उसकी संलिप्तता का उल्लेख किया है।
5 लाख के इनामी ACM गंगा सोढ़ी ने भी छोड़ा हिंसा का रास्ता
दूसरा आत्मसमर्पित माओवादी गंगा सोढ़ी उर्फ सोनू, उम्र 26 वर्ष, बीजापुर जिले के डोडीतुमनार गादेपारा का निवासी है। पुलिस के अनुसार वह ओडिशा के कालाहांडी एरिया कमेटी में ACM के पद पर सक्रिय था और उस पर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के मुताबिक गंगा सोढ़ी वर्ष 2008 में बाल संघम सदस्य के रूप में संगठन से जुड़ा था। वर्ष 2010 में भूमकाल मिलिशिया सदस्य तथा वर्ष 2012 में PLGA सदस्य के रूप में कार्य किया। बाद में उसे नेशनल पार्क एरिया कमेटी के प्लाटून नंबर-02 में भेजा गया और वर्ष 2019 में पीपीसीएम की जिम्मेदारी दी गई। दिसंबर 2020 से मार्च 2026 तक वह ओडिशा के कालाहांडी एरिया कमेटी में ACM के रूप में कार्यरत रहा।
पुलिस ने उसके खिलाफ वर्ष 2014, 2016, 2017 और 2018 में हुई विभिन्न पुलिस-माओवादी मुठभेड़ों एवं कैंप हमलों में शामिल होने का उल्लेख किया है।
पुनर्वास नीति के तहत मिलेगा नया जीवन शुरू करने का अवसर
बीजापुर पुलिस के अनुसार आत्मसमर्पण करने वाले दोनों कैडरों को छत्तीसगढ़ शासन की नक्सल आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति के तहत नियमानुसार आर्थिक सहायता, कौशल विकास प्रशिक्षण, आवास, शिक्षा, स्वरोजगार एवं रोजगार से संबंधित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
पुलिस का कहना है कि जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा दोनों को समाज की मुख्यधारा में सम्मानपूर्वक पुनर्स्थापित करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग दिया जाएगा।
संयुक्त अभियानों का असर
पुलिस के अनुसार डीआरजी, एसटीएफ, कोबरा और सीआरपीएफ द्वारा आपसी समन्वय से चलाए जा रहे अभियानों के साथ आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास के लिए किए जा रहे प्रयासों से माओवादी कैडरों को हिंसा छोड़कर मुख्यधारा में लौटने के लिए प्रेरित करने में सफलता मिल रही है।



