छत्तीसगढ़छत्तीसगढ़ जनसंपर्कबेमेतरा जिला

सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने दिलाई उद्देशिका की शपथ, बोले – संविधान ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

संविधान दिवस पर जिला चिकित्सालय में अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली संविधान की शपथ

 

सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने दिलाई उद्देशिका की शपथ, बोले – संविधान ही हमारी सबसे बड़ी ताकत

 

बेमेतरा, 26 नवम्बर 2026 / भारत के संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिला चिकित्सालय बेमेतरा में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

 

इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने उपस्थित सभी अधिकारी-कर्मचारियों को भारत के संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। सभी ने हाथ उठाकर भारत को एक संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता तथा बंधुता का संकल्प दोहराया।

 

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ. लोकेश साहू ने कहा कि संविधान दिवस केवल एक औपचारिकता नहीं है, बल्कि यह हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर 1949 को ही हमारे संविधान को अंगीकृत किया गया था, जो 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ। संविधान ही हमें एक सूत्र में बांधता है और हर नागरिक को समान अधिकार देता है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को मरीजों की सेवा में संविधान की भावना के अनुरूप निष्पक्षता, समानता और मानवता के साथ कार्य करना चाहिए।

 

कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक निराला ने कहा कि संविधान के कारण ही आज देश के हर व्यक्ति को शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसर का अधिकार मिला है। हमें संविधान में दिए गए मूल कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।

 

अस्पताल प्रबंधक डॉ. स्वाति यदु ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले हर मरीज के साथ बिना किसी भेदभाव के समान व्यवहार करना ही सच्ची संविधान सेवा है।

 

कार्यक्रम के अंत में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान की रक्षा करने और उसके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

 

इस अवसर पर शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपक निराला, अस्पताल प्रबंधक डॉ. स्वाति यदु, मनीष शर्मा, खिलेश्वर दमगरे, धर्मेंद्र पठारे, शिव महंत, रवि यादव, कृष्ण कुमार वर्मा, ऋषि जांगड़े, झम्मन सहित जिला चिकित्सालय बेमेतरा के समस्त अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button