CG- सुलभ शौचालय में खूनी संघर्ष : केयरटेकर पर जानलेवा हमला, नकदी-मोबाइल लूटा और ई-स्कूटर में लगा दी आग….

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के कलेक्ट्रेट परिसर स्थित टाउनहॉल के पास बने सुलभ शौचालय में दबंगई का मामला सामने आया है। यहां गाली-गलौज करने से मना करना केयरटेकर को भारी पड़ गया। नाराज आरोपी ने केयरटेकर पर लोहे की रॉड से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने उसके साथ लूटपाट की और ई-स्कूटर को आग के हवाले कर दिया।
आरोपी और उसकी पत्नी ने मिलकर केयरटेकर से नकदी और मोबाइल लूट लिया और बीच-बचाव करने आए एक शख्स की इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगा दी। इस आगजनी में शौचालय का अन्य सामान भी जलकर खाक हो गया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर उनकी सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के खोंगापानी क्षेत्र के रहने वाले रणधीर कुमार सिंह वर्तमान में रायपुर कलेक्ट्रेट टाउनहाल के पास स्थित नगर निगम के सुलभ शौचालय में केयरटेकर के रूप में कार्यरत हैं। रणधीर अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे। इसी दौरान गोलू खान नामक व्यक्ति वहां किसी अन्य शख्स के साथ खुलेआम गाली-गलौज कर रहा था।
जब केयरटेकर रणधीर ने शालीनता से उसे परिसर में गाली देने से मना किया, तो आरोपी गोलू आग बबूला हो गया। उसने रणधीर के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर लोहे की रॉड से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मारपीट के दौरान दबंगई यहीं नहीं रुकी। आरोपी गोलू खान ने केयरटेकर की जेब से सुलभ शौचालय के कलेक्शन के 6,785 रुपये निकाल लिए, जबकि उसकी पत्नी अंजू साहू केयरटेकर का मोबाइल फोन लेकर मौके से फरार हो गई। हंगामे और चीख-पुकार की आवाज सुनकर जब एक अन्य व्यक्ति बीच-बचाव करने के लिए वहां पहुंचा, तो आरोपियों ने उसकी भी नहीं सुनी। आरोपियों ने बीच-बचाव करने आए उस व्यक्ति की इलेक्ट्रिक स्कूटर में आग लगा दी। आग इतनी भयानक थी कि, उसकी चपेट में आकर सुलभ शौचालय में रखा अन्य जरूरी सामान भी जलकर पूरी तरह खाक हो गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस हरकत में आई। पीड़ित केयरटेकर रणधीर कुमार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी गोलू खान और उसकी पत्नी अंजू साहू के खिलाफ मारपीट, लूट, आगजनी और जान से मारने की धमकी देने की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।



