छत्तीसगढ़

CG – रायगढ़ नगर निगम सभा कक्ष में नियत समय पर सभापति (स्पीकर) निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई, भाजपा के डिग्री लाल साहू की बड़ी जीत हासिल हुआ…

रायगढ़ नगर निगम सभापति चुनाव: भाजपा के डिग्री लाल साहू की बड़ी जीत, कांग्रेस में क्रॉस वोटिंग से हलचल

रायगढ़। नगर निगम सभा कक्ष में आज नियत समय पर सभापति (स्पीकर) निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न हुई। दोपहर 2 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें कांग्रेस की ओर से लक्ष्मी नारायण साहू और भाजपा की ओर से डिग्री लाल साहू उम्मीदवार थे।

नगर निगम में कुल 49 मत थे, जिसमें 48 वार्ड पार्षद और 1 महापौर का वोट शामिल था। कांग्रेस के 12 पार्षद होने के बावजूद पार्टी प्रत्याशी लक्ष्मी नारायण साहू को मात्र 10 वोट ही मिले, जिससे स्पष्ट हुआ कि कांग्रेस के 2 पार्षदों ने क्रॉस वोटिंग की। वहीं, भाजपा के पास पहले से बहुमत था, लेकिन कांग्रेस की क्रॉस वोटिंग के चलते भाजपा प्रत्याशी डिग्री लाल साहू को कुल 39 वोट प्राप्त हुए और उन्होंने बड़ी जीत दर्ज की।

भाजपा को बढ़त, कांग्रेस में असंतोष

भाजपा ने नगर निगम में अपनी पकड़ और मजबूत कर ली है, जबकि कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। दो पार्षदों द्वारा क्रॉस वोटिंग करने से पार्टी में असंतोष बढ़ सकता है।

अब यह देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस अपने पार्षदों की इस बगावत पर क्या रुख अपनाती है और क्या कार्रवाई करती है। वहीं, भाजपा इस जीत को नगर निगम में अपनी सशक्त स्थिति के रूप में देख रही है।

Related Articles

Back to top button