छत्तीसगढ़

CG – शहर के साहित्यिक आकाश में एक नवीन काव्य संग्रह ’जगत जननी’ जगदलपुर विधायक, महापौर, एमआईसी सदस्य व पार्षद, भाजपा मंडल जिला अध्यक्ष के करकमलों से लोकार्पित हुआ…

जगत जननी काव्यसंग्रह लोकार्पित

जगदलपुर। शहर के साहित्यिक आकाश में एक नवीन काव्य संग्रह ’जगत जननी’ बस्तर के गांधी पद्मश्री धरमपाल सैनी, जगदलपुर के यशस्वी विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, जिला अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी वेद प्रकाश पाण्डे, एमआईसी सदस्य व पार्षद लक्ष्मण झा, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रकाश झा के करकमलों से लोकार्पित हुआ।

जगन्नाथ मंदिर प्रांगण में हुये इस विमोचन कार्यक्रम में लेखिका डालेश्वरी पाण्डे के प्रथम संग्रह की सभी ने काफी सराहना की। मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष व क्षेत्रीय विधायक ने कहा हमारे बस्तर क्षेत्र को अनेक विषयों से जाना जाता है जिसमें से एक साहित्य भी है। हमारे यहां अनेक महान साहित्यकार जन्म लिये हैं।

इस विमोचन कार्यक्रम में आकर अत्यंत प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है। जब कभी भी साहित्य संबंधित किसी सहायता की आवश्यकता होगी हमारा सहयोग निश्चित रूप से मिलेगा। महापौर संजय पाण्डे ने कहा कि यह काव्य संग्रह साहित्य के क्षेत्र में निश्चित ही मील का पत्थर साबित होगा। लेखिका ने जीवन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपनी कलम चलायी है। आपकी कविताओं को सुनकर ऐसा लगता है मां सरस्वती का आपको पूरा आशीर्वाद प्राप्त है। आपकी लेखनी भविष्य में भी नवीन साहित्य का सृजन करती रहेगी।

विशिष्ट अतिथि पद्मश्री धरमपाल सैनी ने कहा कविता बन जाने के उपरांत उसके पीछे छिपी मेहनत नजर नहीं आती है। साहित्यकार का लेखन समाज के लिए उपयोगी और समाज को दिशा देने वाला होता है। 360 अरण्यक ब्राम्हण समाज और जिला भाजपा अध्यक्ष वेद प्रकाश पाण्डे ने कहा कि हमारे समाज से यूं कियी महिला का लेखन कर्म में आना प्रसन्नता का विषय है और अन्य किसी के भीतर प्रतिभायें हैं उनको समाज के सम्मुख लाने के लिये हमेशा हमारा सहयोग मिलता रहेगा।

एमआईसी मेंबर व पार्षद लक्ष्मण झा ने अपने उद्बोधन में कहा कि लेखक की मेहनत का वर्णन करना असंभव है। वह दिन रात विचार करता हुआ लेखन कर्म करता है।

अपने समीक्षा भाषण में अंचल की प्रसिद्ध लेखिका डॉ सुषमा झा ने जगत जननी की अनेक पंक्तियां पढ़कर सुनायी। कहां कि ये काव्य संग्रह में गेय कविताएं संग्रहित हैं जो लेखिका के गीत संगीत में दक्ष होने का प्रमाण है। अवध किशोर शर्मा ने कहा कि लेखिका ने घर परिवार की समस्याओं को लेकर बढ़िया ताना बाना बुना है। साथ ही स्त्री जीवन के कष्टों का अद्भुत चित्रण किया है। पिता को लेकर लिखी उनकी कविता उनके भाव पक्ष की सुंदर अभिव्यक्ति है।

डालेश्वरी पाण्डे ने समस्त जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपनी कविता पढ़कर सुनायी। कार्यक्रम का संचालन करते हुये कहानीकार सनत जैन ने जनप्रतिनिधियों के समक्ष साहित्यकारों के कल्याण से संबंधित कुछ मांगें रखीं जिन्हें विधायक किरण सिंह देव ने पूरा करने का आश्वासन दिया। बस्तर संभाग के साहित्यकारों के लिए प्रतिवर्ष लाला जगदलपुरी के जन्मदिवस पर उन्हें सम्मान प्रदान किया जाये।

बस्तर संभाग में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों जैसे दशहरा महोत्सव, चित्रकोट महोत्सव, बारसूर महोत्सव आदि में बस्तर संभाग के कवियों को कार्यक्रम प्रस्तुत करने का मौका दिया जाय। साहित्यकारों के कल्याण के लिये उन्हें पेंशन व्यवस्था आरंभ करने की मांगों को शीघ्र पूरा करने का आश्वासन विधायक ने किया।

कार्यक्रम में शहर के अनेक साहित्यकारों ने अपनी उपथिति दी। जिसमें नरेन्द्र पाढ़ी, विपिन बिहारी दास, उर्मिला आचार्य, शशांक शेण्डे, पूर्णिमा सरोज, भरत गंगादित्य, ममता मधु, सुधा परमार, रामेश्वर चंद्रा, करमजीत कौर, गीता शुक्ला, अनिल शुक्ला, कृष्ण शरण पटेल आदि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button