CG Politics : नेता प्रतिपक्ष नियुक्ति विवाद में पटाक्षेप, कांग्रेस के 5 पार्षदों ने अपना इस्तीफा लिया वापस…..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की नगर निगम राजनीति में बीते कुछ दिनों से मचे घमासान का अब पटाक्षेप हो गया है। कांग्रेस पार्टी के भीतर नेता प्रतिपक्ष पद को लेकर उपजा विवाद सुलझा लिया गया है। वहीं बागी रुख अपनाने वाले पांचों पार्षदों ने अपना इस्तीफा वापस ले लिया है।
विवाद की शुरुआत तब हुई जब पार्टी ने पहले वरिष्ठ पार्षद संदीप साहू को नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष नियुक्त किया। लेकिन इसके कुछ ही समय बाद पार्टी ने अपने फैसले में बदलाव करते हुए पूर्व बागी पार्षद आकाश तिवारी को यह जिम्मेदारी सौंप दी। आकाश तिवारी पहले कांग्रेस से बगावत कर चुनाव लड़े थे, लेकिन बाद में फिर से पार्टी में शामिल हो गए।
इस निर्णय से नाराज़ होकर कांग्रेस के पाँच पार्षद, संदीप साहू, जयश्री नायक, रेणु जयंत साहू, दीप मणिराम साहू और रोनिता प्रकाश जगत ने पार्टी और निगम दोनों से इस्तीफा दे दिया था। इस घटनाक्रम से रायपुर की नगर निगम राजनीति में हलचल मच गई और मामला सीधे पार्टी के आलाकमान तक पहुँच गया। यहां तक कि प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने भी नाराजगी जताई और स्पष्ट संदेश दिया कि अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष के बीच सुलह वार्ता का दौर शुरू हुआ। सूत्रों के अनुसार, विवाद को सुलझाने के लिए एक “सर्वसम्मत समाधान” की दिशा में काम किया गया, जिसमें साहू समाज के प्रभावशाली प्रतिनिधित्व (साहू कार्ड) को भी ध्यान में रखा गया।
सुलह की कोशिशें रंग लाई हैं और अब बागी पार्षदों ने अपना इस्तीफा वापस लेकर पार्टी के प्रति निष्ठा दोहराई है। जिला कांग्रेस ने भी इसे संगठन की एकता की जीत बताया है। इस घटनाक्रम के बाद अब कांग्रेस रायपुर नगर निगम में एक बार फिर संघटित और मजबूत स्थिति में दिखाई दे रही है।