छत्तीसगढ़

CG – साइलेंट किलर के जहर ने ली 2 जान : बच्चे को दूध पिलाते सांप ने महिला को डंसा, सोती महिला भी जहरीले सांप का बनी शिकार, मातम में बदली त्यौहार की खुशियां….

जशपुर। जिले में सर्पदंश से दो महिलाओं की मौत का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, अलग-अलग गांवों की दोनों महिलाएं जहरीले सांप के डसने की शिकार हुईं और उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

पहली घटना कमरई गांव की है। यहां एक महिला अपने घर में बच्चे को दूध पिला रही थी, तभी अचानक जहरीले सांप ने उसे डस लिया। परिवारजन घबराकर महिला को नजदीकी अस्पताल ले जाने की कोशिश में जुटे, लेकिन समय पर उचित इलाज नहीं मिल पाने की वजह से उसकी जान नहीं बच सकी।

दूसरी घटना बाकारुमा गांव की है। यहां की रनमेत बाई रात को मचान पर सो रही थीं। उसी दौरान करैत सांप ने उनके पैर में काट लिया। परिवार के लोग तत्काल उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल पत्थलगांव लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती किया, लेकिन हालत बिगड़ती गई और कुछ ही देर बाद उन्होंने दम तोड़ दिया।

डॉक्टरों का कहना है कि दोनों ही महिलाओं को यदि समय पर एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन दिया जाता और प्राथमिक उपचार मिल जाता, तो उनकी जान बचाई जा सकती थी। लेकिन ग्रामीण इलाकों से अस्पताल तक पहुंचने में देरी होने की वजह से जहर तेजी से फैल गया और उनकी मौत हो गई।घटना की सूचना मिलने पर पत्थलगांव पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की जांच की जा रही है और ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग से समन्वय भी किया जाएगा।

विशेषज्ञों की मानें, तो करैत किंग कोबरा से भी ज्यादा खतरनाक होता है। इसमें बहुत अधिक जहर होता है, जो किसी को भी आसानी से जान से मारने के लिए काफी होता है। करैत को आम तौर पर साइलेंट किलर भी कहा जाता है। करैत सांप के जहर में न्यूरोटॉक्सिन्स होते हैं। इस जहर के इंसानी शरीर में जाते ही कई अंग बहुत जल्दी फेल होने लगते हैं। लेकिन, इसके काटने के तुरंत बाद बहुत अधिक असर नहीं होता है। करैत का जहर धीरे – धीरे इंसान को मौत देता है।

Related Articles

Back to top button