CG – अटल परिसर का हुआ लोकार्पण : लालबाग में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का हुआ अनावरण…

अटल परिसर का हुआ लोकार्पण
लालबाग में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का हुआ अनावरण
शताब्दी जयंती पर सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया अटल जयंती समारोह
जगदलपुर। शहर के ऐतिहासिक लालबाग परिसर में गुरुवार को भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती को गरिमामय वातावरण में सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर लालबाग स्थित अटल परिसर का लोकार्पण किया गया तथा अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का विधिवत मंत्रोच्चार एवं वैदिक रीति-रिवाजों के साथ अनावरण किया गया।

50 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण आज गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। मालूम हो कि 3500 वर्गफीट क्षेत्र में निर्मित एक हजार किलो से ज्यादा एवं 9 फीट की ब्रांज धातु से निर्मित अटल जी की प्रतिमा अटल परिसर में लगाई गई है। इस परिसर का निर्माण नागरिकों को एक सुव्यवस्थित, सुंदर और सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है।

अटल परिसर के भीतर आकर्षक लाइटिंग की समुचित व्यवस्था की गई है, जिससे रात्रि के समय भी परिसर सुरक्षित और दर्शनीय बना रहे। इसके अलावा वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम भी लगाया गया है। वहीं पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से परिसर में विभिन्न प्रकार के पौधों का रोपण भी किया गया है। उल्लेखनीय है कि पिछले कई महीनों से नगर निगम की पूरी टीम इस परिसर के निर्माण कार्य में निरंतर लगी हुई थी। अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सतत प्रयासों के परिणामस्वरूप यह कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण हो सका।

कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा के अध्यक्ष डॉक्टर रमन सिंह , उपमुख्यमंत्री अरुण साव , प्रदेश अध्यक्ष व जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव सहित कई वरिष्ठ नेता वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े और छत्तीसगढ़ के 115 नगरीय निकाय में निर्मित अटल परिसर का लोकार्पण कर अटल जी को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे युगपुरुष थे, जिनका जीवन राष्ट्र सेवा, लोकतांत्रिक मूल्यों, सुशासन, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता को समर्पित रहा। वे एक दूरदर्शी नेता, प्रखर वक्ता, संवेदनशील राजनेता एवं कुशल प्रशासक थे, जिनके निर्णयों ने देश को नई दिशा दी।

मुख्य अतिथि बस्तर सांसद महेश कश्यप ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी की शताब्दी जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रदेश के 115 नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण किया गया है। आज एक साथ सभी स्थानों पर उनकी प्रतिमा का अनावरण होना हम सभी के लिए गौरव का विषय है। अटल जी की जयंती को पूरे प्रदेश में अटल जयंती एवं सुशासन दिवस के रूप में मनाया जा रहा है, जो उनके सुशासन के विचारों को जीवंत करता है।

बेवरेज कॉरपोरेशन के अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ऐसे नेता थे जिनके भाषण सुनने के लिए विपक्षी भी उत्सुक रहते थे। वे एक शांति दूत, लेखक, कवि, अजातशत्रु एवं ओजस्वी वक्ता के रूप में जाने जाते हैं। उनकी वाणी में राष्ट्रहित और संवेदनशीलता का अद्भुत संगम था।

भाजपा जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे ने ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के गठन के बाद से ही प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है, जिसमें अटल बिहारी वाजपेयी जी का योगदान अविस्मरणीय है। अटल बिहारी बाजपेयी जी के कार्य को आज भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी लगातार नई ऊँचाइयाँ दे रहे हैं।

सहकारी बैंक के उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा ने अटल जी को एक अद्भुत वक्ता एक संवेदनशील कवि और प्रखर राष्ट्रवादी प्रधानमंत्री के रूप में पूरी दुनिया में जाना जाता है। उन्होंने परमाणु विस्फोट कर भारत को दुनिया पे शक्ति के रूप में स्थापित किया।

पूर्व विधायक संतोष बाफना, लच्छू राम कश्यप डॉक्टर सुभाउ कश्यप, विद्याशरण तिवारी सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने उद्बोधन में अटल जी के जीवन, उनके विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण को स्मरण किया।
महापौर संजय पांडे ने कहा आज का दिन हम सभी के लिए गौरव का दिन है। हम देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती को शताब्दी वर्ष के रूप में मना रहे हैं। अटल जी किसी एक दल के नेता नहीं थे, बल्कि वे जन-जन के नेता थे। पक्ष और विपक्ष दोनों उन्हें समान आदर देते थे। राजनीति में उनका कोई शत्रु नहीं था, इसलिए उन्हें अजातशत्रु कहा जाता था।
अटल को सत्ता या पद की भूख नहीं थी, बल्कि उन्हें देश से प्रेम था। संयुक्त राष्ट्र में उन्होंने हिंदी में भाषण देकर भारत की भाषा और संस्कृति को वैश्विक पहचान दिलाई। उनके लिए देश सर्वोपरि था और उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं स्वर्णिम चतुर्भुज योजना से उन्होंने पूरे देश में रोड बिछाकर विकास से जोड़ा।
कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, बेवरेज कॉरपोरेशन अध्यक्ष श्रीनिवास राव मद्दी, अनुसूचित जनजाति आयोग अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी, राजबहादुर सिंह राणा, शिव नारायण पांडे, महापौर संजय पांडे, नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन, सहकारी बैंक उपाध्यक्ष श्रीनिवास मिश्रा, पूर्व विधायक संतोष बाफना, लच्छू राम कश्यप, डॉ.सुभाऊ कश्यप, विद्याशरण तिवारी, जिला अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडे, जिला महामंत्री रजनीश पाणिग्रही, उपाध्यक्ष सफीरा साहू, परीस बेसरा ,नरसिंह राव, एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, कलावती कसेर, त्रिवेणी रंधारी, योगेंद्र पांडे, संग्राम सिंह राणा, संजय विश्वकर्मा, वार्ड पार्षद यशवंत ध्रुव, पूनम सिन्हा, सुश्री गायत्री बघेल आलोक अवस्थी , नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा, पार्षदगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने अटल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, एमआईसी सदस्य, पार्षद, कार्यकर्ता, स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर, नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, युवा एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अटल बिहारी वाजपेयी जी के विचारों को आत्मसात करने और उनके बताए सुशासन एवं राष्ट्र सेवा के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का संचालन संग्राम सिंह राणा ने किया तथा आभार प्रदर्शन नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा ने किया।



