छत्तीसगढ़

CG- केंद्रीय बजट 2026-27 प्रतिक्रिया: सीएम साय बोले—विकसित भारत की दिशा में ऐतिहासिक दस्तावेज, देश के साथ छत्तीसगढ़ को भी होगा बड़ा लाभ….

रायपुर। संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के बजट पेश करने के साथ छत्तीसगढ़ में नेताओं की प्रतिक्रिया सामने आने लगी है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के साथ-साथ वित्त मंत्री ओपी चौधरी और छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की सबसे पहले बजट पर प्रतिक्रिया सामने आई है.

केंद्रीय बजट को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कर्तव्य भवन में पहली बार वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट प्रस्तुत किया है. यह विकसित भारत और सुनहरे भारत की दिशा में ऐतिहासिक दस्तावेज है. छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री मोदी और वित्त मंत्री को बधाई. कर्तव्य की भावना के साथ विशेष फोकस वाला बजट है, जिसमें जनता की आकांक्षाओं और आर्थिक विकास को बढ़ाने का रोडमैप दिया गया है.

उन्होंने कहा कि यह बजट में पीएम मोदी का ‘मंत्र’ सबका साथ, सबका विकास निहित है. इससे देश और छत्तीसगढ़ दोनों को बड़ा लाभ होगा. इस बजट में महिला और श्रमिकों के उत्थान पर विशेष ध्यान दिया गया है. इसके साथ किसानों की आय बढ़ाने पर फोकस किया गया है, जिसमें AI के माध्यम से खेती को बढ़ावा देने की पहल की गई है. इसके अलावा महात्मा गांधी ग्राम स्वराज की भावना को आगे बढ़ाने का प्रावधान है. युवाओं के रोजगार के लिए कई घोषणाएं की गई हैं. छत्तीसगढ़ के लोगों को भी बजट का सीधा लाभ मिलेगा.

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बजट से विदेश यात्रा और विदेशों में पढ़ाई सस्ती होगी. कैंसर, डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती होंगी. जिला अस्पतालों को अपग्रेड किया जाएगा. महिला सशक्तिकरण के तहत ‘लखपति दीदी’ योजना को बढ़ावा जाएगा. हर जिले में बालिकाओं के लिए हॉस्टल की व्यवस्था की जाएगी. खेल और शिक्षा क्षेत्र में भी विशेष प्रावधान किया गया है. इसके अलावा टैक्स चोरी पर अर्थदंड का प्रावधान किया गया है. मोबाइल, बैटरी, ओवन, बायोगैस, सीएनजी सस्ते होंगे.

2047 तक विकसित भारत का क्लियर विजन – वित्त मंत्री चौधरी

वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि निर्मला सीतारमण ने लगातार 9वीं बार केंद्रीय बजट पेश किया है. नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए एक दूरदर्शिता के साथ, एक रोडमैप के साथ, एक क्लियर विजन के साथ भारत सरकार आगे बढ़ रही है. 2047 का दीर्घाकालिक लक्ष्य भी है, तो वहीं मध्यकालिक लक्ष्य भी है. और हर बजट को शार्ट टर्म टारगेट के तौर पर देखना चाहिए.

वित्त मंत्री ने कहा कि इस बजट में विकसित भारत का स्वप्न कैसे साकार होगा, उसकी दूरदर्शिता साफतौर पर दिखाई दे रही है. बजट में रेयर अर्थ मिनरल की बात हो रही है, यहां डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर की बात हो रही है, वाटरवेज की बात ही रही है, यहां हाईस्पीड रेलवे की बात हो रही है. पूंजीगत व्यय को ऐतिहासिक स्तर पर ले जाने की बात हो रही है. वहीं दूसरी ओर गरीबी को दूर करने के लिए, अंत्योदय के कल्याण के लिए साफतौर पर एक विजन दिखाई दे रहा है.

छत्तीसगढ़ को ठगने का किया काम- दीपक बैज

वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस बजट में छत्तीसगढ़ के लिए कुछ नहीं है. छत्तीसगढ़ को ठगने का काम किया गया है. मोदी सरकार का बजट आते ही शेयर मार्केट गिर गया, क्योंकि ना ही महंगाई कम हुई और ना ही गरीब आदमी को कुछ मिला. इस बजट में क्षेत्रीय असमानता बहुत है. जिन राज्यों में आने वाले समय में चुनाव है, वहां चुनावी लाभ लेने उपकृत करने का काम मोदी सरकार ने किया है.

बैज ने कहा कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने झूठ बोलने का काम किया है. इस बजट ने किसानों को ठगने का काम किया है. सरकार ने पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं किए, एक्ससाइज ड्यूटी नहीं घटाई. पिछले साल भी कहा था कि 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर निकाला. इस बार भी यही कहा.

Related Articles

Back to top button