छत्तीसगढ़

Amit shah CG Visit : फरवरी में इस तारीख को छत्तीसगढ़ आएंगे गृहमंत्री अमित शाह, जानिए उनके दौरे की खास वजह…..

रायपुर। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 7 फरवरी को छत्तीसगढ़ दौरे पर रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे शनिवार की रात रायपुर पहुंचेंगे। रविवार को नक्सलवाद की स्थिति को लेकर एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे।

रायपुर में होगी निर्णायक समीक्षा बैठक

रविवार को रायपुर में होने वाली बैठक को 31 मार्च की डेडलाइन से पहले की अंतिम और सबसे अहम सुरक्षा समीक्षा माना जा रहा है। इस बैठक में राज्य और केंद्र की विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ तेलंगाना, महाराष्ट्र और ओडिशा से जुड़े नक्सल प्रभावित इलाकों की सुरक्षा स्थिति, चल रहे अभियानों की प्रगति और इंटेलिजेंस इनपुट्स पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

पंडुम महोत्सव के समापन में होंगे शामिल

रायपुर की बैठक के बाद अमित शाह बस्तर पहुंचेंगे, जहां वे पंडुम महोत्सव के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह महोत्सव बस्तर की आदिवासी संस्कृति, परंपरा और लोककला का प्रमुख उत्सव माना जाता है। शाह की मौजूदगी को केंद्र सरकार की ओर से बस्तर क्षेत्र को दिए जा रहे महत्व के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन नजदीक

अमित शाह का यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब केंद्र सरकार द्वारा तय की गई 31 मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने की डेडलाइन नजदीक आ चुकी है। इस समयसीमा का सार्वजनिक ऐलान खुद अमित शाह ने किया था। अब इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए अंतिम चरण की रणनीति पर काम तेज हो गया है।

सुरक्षा अभियानों पर रहेगा खास फोकस

छत्तीसगढ़ समेत नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन और एरिया डॉमिनेशन अभियान चला रहे हैं। डेडलाइन में सीमित समय बचने के कारण अमित शाह का यह दौरा सुरक्षा एजेंसियों के लिए मार्गदर्शन और दिशा तय करने वाला माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button