CG – सात समंदर पार का प्यार : अमेरिकी युवती का छत्तीसगढ़िया युवक पर आया दिल, प्यार के लिए पहुंच गई छत्तीसगढ़, पारंपरिक अंदाज में रचाई शादी…..

पेंड्रा। छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में एक अनोखी शादी चर्चा का विषय बनी हुई है। जिले के रहने वाले एक युवक ने यूनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका की युवती से भारतीय तौर तरीके से शादी रचाई। दरअसल पेंड्रा निवासी रमेश साहू के बेटे अंकित साहू पढ़ाई के लिए अमेरिका के मिलवोकी गए थे। सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने के बाद वह वहीं एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगे। इसी दौरान उनकी मुलाकात मिस कायला से हुई, जो पेशे से मैकेनिकल इंजीनियर हैं और वहां पार्ट्स डिजाइन का काम करती हैं। दोनों के बीच शुरू हुई यह दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला किया।
अंकित और कायला दोनों ने आपस में शादी की सहमति जताई और आखिरकार इन दोनों का विवाह तय हुआ। विवाह अमरकंटक के नर्मदे आनंदम एक निजी रिसोर्ट में हुआ और पूर्णत भारतीय पारंपरिक तौर तरीके से हुआ।
वधू पक्ष से शामिल होने के लिए करीब डेढ़ दर्जन लोग यहां पहुंचे थे जबकि काफी संख्या में वर पक्ष के लोग यहां दिखाई दिए। बेहद खुशी के माहौल में शादी की रस्में संपन्न हुई और भारतीय मूल के युवक के द्वारा अमेरिकी युवती से विवाह सोशल मीडिया में भी जमकर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस विवाह की जमकर सराहना कर रहे हैं। शादी के दौरान विदेश से आए लोगों और दुल्हन दूल्हा के साथ फोटो खींचने की होड़ भी लोगों में दिखाई दी।



