छत्तीसगढ़

CG – कब्र खोदकर निकाली लाश : इस वजह से हुई थी युवक की मौत, बिना पोस्टमॉर्टम कराए परिजनों ने दफनाया शव…..

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक युवक का शव दफनाने के तीन दिन बाद कब्र खोदकर बाहर निकाला गया है, जिसके बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दरअसल, यह पूरा मामला मगरलोड थाना क्षेत्र का है। यहां पुलिस ने एक युवक के शव को कब्र खोदकर निकाला है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि परिजनों ने सड़क हादसे में मौत के बाद युवक के शव को बिना पोस्टमार्टम कराए दफना दिया था। पुलिस को जब इस बात की भनक लगी तो उसके शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

जानकारी के मुताबिक, मगरलोड थाना क्षेत्र में रहने वाला दशरथ यादव कुछ दिन पहले सड़क हादसे का शिकार हो गया था, जिसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने इसकी रिपोर्ट भी थाने में दर्ज कराई थी। दशरथ के परिजन जब उसे 2 फरवरी को अस्पताल से घर ले गए, तो उसकी मौत हो गई। इसके बाद उन्होंने बिना उसका पोस्टमार्टम कराए और बिना पुलिस को सूचना दिए 3 फरवरी को उसके शव को दफना दिया।

वहीं जब पुलिस को इसकी जानकारी मिली, तो तीन दिन बाद 6 फरवरी को युवक के शव को कब्र खोदकर बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे पोस्टमर्टम के लिए भेजा गया। थाना प्रभारी रमाकांत शुक्ला का भी इस मामले में कहना है कि सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद परिजनों ने उसके शव का बिना पोस्टमार्टम कराए और पुलिस को सूचना दिए बगैर दफना दिया था। इस कारण नियमअनुसार आगे की कार्रवाई के लिए कब्र से शव निकाला गया और उसका पोस्टमार्टम कराया गया।

बता दें कि अगर किसी की मौत संदिग्ध परिस्थितियों जैसे दुर्घटना, हत्या, आत्महत्या या फिर अज्ञात कारणों से हो जाती है, तब पुलिस और डॉक्टर के अनुरोध पर पोस्टमार्टम किया जाता है। मौत के पीछे के कारणों को पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम किया जाता है। बिना पोस्टमार्टम कराए शव का अंतिम संस्कार तभी किया जाता है, जब मौत का कारण साफ हो और कोई शक न हो।

Related Articles

Back to top button